कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन आने के बाद एक बार फिर तीसरी लहर की आशंका का खतरा मंडराने लगा है, जबकि सार्वजनिक स्थलों पर अभी भी कोरोना से सुरक्षा के लिए जारी गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा है। सोमवार को जिले में कोरोना का नया केस सामने आया है। इस मरीज की पहचान मॉडल टाउन की एक महिला के रूप में हुई है। नए केस और नए वैरिएंट के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी को सचेत रहने का संकेत जारी कर दिया है।
अस्पतालों, बाजारों, बस अड्डा व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बगैर मास्क घूम रहे लोगों की लापरवाही भारी पड़ सकती है। खुद सरकारी अधिकारी व कर्मचारी कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सोमवार को जिला विकास भवन में अंत्योदय मेले में शीर्ष अधिकारियों को छोड़ दें तो बाकी लोग बगैर मास्क ही नजर आए। जनता दरबार में जनता ही नहीं, एक पूर्व मंत्री तक बगैर मास्क शिकायत सुनते दिखाई दिए।
उमर उजाला ने लिया सार्वजनिक स्थलों का जायजा
अमर उजाला ने सोमवार को महामारी का खतरा देखते हुए अस्पतालों, सरकारी कार्यालय व सार्वजनिक स्थलों का जायजा लिया तो यह स्थिति सामने आई। सोमवार को अमर उजाला की टीम पीजीआई पहुंची। यहां ओपीडी में कतारबद्ध भीड़ में ज्यादातर के चेहरों पर मास्क नहीं मिला। कुछ कर्मचारी भी बगैर मास्क काम करते दिखाई दिए। सिविल अस्पताल में ज्यादातर चिकित्सक व स्टाफ मास्क पहने मिले। यहां लैब में कुछ कर्मचारी व जांच कराने पहुंचे लोग बगैर मास्क दिखाई दिए। बस स्टैंड, शहर के बाजार व अन्य जगहों पर भीड़ महामारी के खतरे से बेखौफ नजर आई। बगैर मास्क घरों से निकले ये लोग दूसरों के लिए भी खतरा बने हुए हैं। यही नहीं, जिला विकास भवन में सोमवार को अंत्योदय मेले के शुभारंभ अवसर पर जिले के शीर्ष अधिकारी मास्क में रहे, जबकि कर्मचारी व आम जन बगैर मास्क ही दिखाई दिए। पूर्व मंत्री के जनता दरबार में भी नियमों का पालन नहीं हो रहा था। यहां शिकायत सुनने व सुनाने वाले सभी बगैर मास्क ही रहे। ऐसे में कोरोना का नया वैरिएंट बड़ा खतरा बन सकता है। बगैर मास्क घरों से निकल रहे लोग खुद महामारी को निमंत्रण दे रहे हैं।
11 दिन बाद आया कोरोना का नया केस
जिले में कोरोना का नया केस 11 दिन बाद सामने आया है। सोमवार को मॉडल टाउन की 29 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे घर में ही एकांतवास में रखा गया है। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 25915 पहुंच गई है। यही नहीं, जिला 24 घंटे में कोरोना के शून्य स्कोर पर नहीं रुक पाया। रविवार को ही जिले में संक्रमितों की संख्या शून्य हुई थी।
668 को अपनी रिपोर्ट का इंतजार
स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को 1074 लोगों के सैंपल लिए हैं, जबकि 668 को अपनी रिपोर्ट का इंतजार है। कोरोना की संक्रमण दर कम होकर 4.52 प्रतिशत व सुधार की दर 97.73 प्रतिशत हो गई है।
महामारी के नए वैरिएंट को लेकर प्रशासन अलर्ट
कोरोना के नये वैरिएंट को लेकर खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। यही वजह है कि लगातार खुद उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार लोगों को कोरोना के प्रति सचेत कर रहे हैं। यही नहीं, जनता से कोरोना के नियमों के पालन की अपील भी कर रहे हैं। उपायुक्त का कहना है कि हम आवश्यक सावधानियों को अपनाकर खुद को व आसपास के लोगों को सुरक्षित रख सकते हैं। प्रत्येक नागरिक हर जरूरी कदम उठाएं। दूसरों से सुरक्षित दूरी बनाएं रखें। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क अवश्य पहनें। हाथों को बार-बार धोएं। हाथ धोने के लिए साबुन पानी या एल्कोहल वाला सैनिटाइजर प्रयोग करें। खांसी या छींक आने पर अपनी नाक व मुंह को कोहनी या रुमाल से ढकें। अस्वस्थ महसूस करने पर घर पर ही रहें। बुखार, खांसी अथवा सांस लेने में परेशानी होने पर डॉक्टर के पास जाएं। मास्क सही फिटिंग वाला हो। इससे दूसरों में वायरस फैलने से रोकने में मदद मिलेगी।
अब तक 10 लाख 86 हजार 204 वैक्सीन डोज लगाई
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिलजीत त्रेहान ने बताया कि जिले में महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान जारी है। इसके तहत अब तक 1086204 वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी है। सोमवार को 4776 व्यक्तियों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। इनमें से 1461 को पहली व 3315 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। हेल्थ केयर वर्कर को अब तक 24952 डोज व फ्रंटलाइन वर्कर को 15627 डोज दी जा चुकी है।
वर्जन
कोरोना का खतरा बना हुआ है। इससे निपटने के लिए सतर्क रहना जरूरी है। कोरोना नियमों का पालना न करके बरती जा रही लापरवाही भारी पड़ सकती है। इसलिए उचित दूरी बनाएं रखने के साथ मास्क अनिवार्य रूप से लगाना होगा। इस संबंध में अधिकारियों की बैठक लेकर कोरोना नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश फिर जारी किए जाएंगे। लोग महामारी से लड़ने में प्रशासन का सहयोग करें।
- कैप्टन मनोज कुमार, जिला उपायुक्त।