संवाद न्यूज एजेंसी
बेरी। थाना बेरी के गांव दूबलधन से गुजर रही लोहारू फीडर में कट्टे में महिला की सड़ी गली लाश मिली थी। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि लोहारू फीडर में कट्टे से महिला की गली-सड़ी लाश मिली है। इसके बाद बेरी थाना प्रभारी सतीश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। एफएसएल टीम को बुलाया गया था। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान नही हो सकी है। महिला की उम्र करीब 40 वर्ष है। गांव दूबलधन की सरपंच के प्रतिनिधि की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला के शव को शिनाख्त के लिए झज्जर के शव गृह में रखवा दिया गया है और आसपास के थाने व चौकियों में सूचना दे दी गई है।