फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rohtak News: नगर निगम चुनाव ... वार्डों में नए समीकरण खंगाल रहे भावी प्रत्याशी, सोमवार के बाद आएंगे खुलकर सामने

विज्ञापन
विज्ञापन
विजेंद्र कौशिक
विज्ञापन

रोहतक। नगर निगम चुनाव के लिए कड़ाके की ठंड के बीच सियासी माहौल गरमाने लगा है। नई वार्डबंदी के चलते नए व पुराने पार्षद कॉलोनी ही नहीं, गली-गली के हिसाब से अपने आपको तोल रहे हैं। अभी अंदरखाते जायजा लिया जा रहा है, लेकिन 23 दिसंबर को वार्ड आरक्षित होने के बाद भावी प्रत्याशी खुलकर सामने आ जाएंगे।
नए साल में शहर की सरकार के गठन के लिए चुनाव होने हैं। दो लाख के करीब मतदाता न केवल सीधे वोट डालकर मेयर का चुनाव करेंगे, बल्कि 22 पार्षद भी चुने जाएंगे। राज्य चुनाव आयोग ने चाहे अभी चुनाव की घोषणा नहीं की है, लेकिन चुनाव की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। न केवल नई वार्डबंदी तय हो चुकी है, बल्कि वार्ड वाइज मतदाता सूची तय करने के लिए प्रकिया शुरू हो गई है। इतना ही नहीं, ईवीएम तक मंगवाई जा रही है। ऐसे में निकाय चुनाव लड़ने के लिए नेताओं ने भी सक्रियता बढ़ा दी है।
विज्ञापन


22 पार्षदों की सीमाएं बदलीं
निगम के सभी 22 पार्षदों की सीमाएं बदल गई हैं। पुराने वार्डों को तोड़कर नए बनाए गए हैं। इसमें पुराने पार्षदों के कर्मक्षेत्र में शामिल रही कई कॉलोनियां कट गई और दूसरे वार्ड की कॉलोनी आ गई। ऐसे में हर किसी के लिए निगम चुनाव नई चुनौती साबित होगा। हर भावी प्रत्याशी गली-गली में संभावनाएं तलाश कर रहा है।

पुराने दिग्गज आमने-सामने, अंदरखाते बढ़ाई सक्रियता
नई वार्डबंदी के तहत पुराने वार्ड नंबर चार को तोड़ कर तीन वार्ड में बांटा गया है। पूर्व पार्षद अजय जैन उर्फ टाटू कहते हैं वे वार्ड छह से चुनाव लड़ेंगे। वार्ड की सीमा अब माता दरवाजा चौक के पास बाबरा मोहल्ले से प्रताप मोहल्ला, पिथवाड़ा मोहल्ला व प्रधाना मोहल्ला तक हो गई हैं। इसी वार्ड से कायस्थान मोहल्ला निवासी पूर्व पार्षद नरोतामल भटनागर भी लड़ सकते हैं। उधर, युवा कांग्रेसी नवीन गर्ग भी इसी वार्ड से तैयारी में जुटे हैं।

कदम सिंह उत्साहित, वार्ड में अब सेक्टर-2-3 का पार्ट भी आया
पूर्व कांग्रेसी पार्षद कदम सिंह ने बताया कि पिछली बार वे वार्ड 11 से पार्षद थे, लेकिन नई वार्डबंदी में सेक्टर-14, ऑफिसर कॉलोनी व विनय नगर को हटा दिया है। अब सेक्टर एक, सेक्टर-2 व सेक्टर-2-3 का पार्ट शामिल किया गया है। नए समीकरण को लेकर भी उत्साहित हूं।

पूर्व मुख्यमंत्री के वार्ड से चुनाव लड़ेंगे खुराना
भाजपा के पूर्व पार्षद अशोक खुराना का कहना है कि पिछली बार उनकी पत्नी कंचन खुराना वार्ड 13 से पार्षद रही। नई वार्डबंदी में दुर्गा कॉलोनी, विकास नगर व आसपास का एरिया हटा दिया गया है। अब वार्ड झंग कॉलोनी वार्ड 14 में हैं, जिसमें सुभाष नगर, माडल टाउन से लेकर आदर्श नगर व श्रीनगर कॉलोनी व पीजीआईएमएस तक शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का डी पार्क स्थित आवास इसी वार्ड में आता है।

पूर्व डिप्टी मेयर आजमाएंगे वार्ड 20 से किस्मत
वार्ड नंबर 21 से पार्षद रहे पूर्व डिप्टी मेयर अनिल कुमार का वार्ड भी बदल गया है। ऐसे में अबकी वे वार्ड नंबर 20 से चुनाव लड़ेंगे। उनके वार्ड में साथ लगते वार्ड की तीन कॉलोनियों को शामिल किया गया है। अनिल कहते हैं कि पहले से वे आसपास के एरिया में सक्रिय रहे हैं। इस कारण कोई दिक्कत नहीं आएगी।
विज्ञापन


सोमवार को तय होगा किस वार्ड से लड़ना है चुनाव
पहरावर गांव के पूर्व सरपंच प्रवीण कौशिक का कहना है कि वह वार्ड नंबर 19 से चुनाव लड़ने का मन बना रहे हैं। अगर वार्ड रिजर्व हो गया तो वार्ड नंबर 20 से चुनाव लड़ेंगे। सोमवार को वार्ड आरक्षित करने के लिए जिला प्रशासन की बैठक होगी। इसके बाद निर्णय ले सकूंगा। वहीं, पूर्व पार्षद सूरजमल किलोई का कहना है कि वार्ड 21 से चुनाव लड़ने का मन है जो कन्हेली व पहरावर तक फैला हुआ है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें