कलानौर खंड के गांव माड़ौदी जाटान से लापता चार वर्षीय रिशांक का शव घर से दो गली छोड़कर जोहड़ में मिला है। पुलिस ने मंगलवार को शव का पीजीआई में पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को माड़ौदी जाटान निवासी अनिल ने दी शिकायत में बताया था कि उसके दो बेटे हैं। बड़े बेटे अमन की उम्र 15 साल है, जबकि छोटा बेटा चार वर्षीय रिशांक दोपहर एक बजे बच्चों के साथ खेलने गया था। इसके बाद उसका पता नहीं लग सका। पुलिस ने अपहरण की आशंका व्यक्त की थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन की। पुलिस व परिजन मंगलवार सुबह लापता रिशांक को तलाश कर ही रहे थे कि तभी गांव के जोहड़ में मासूम का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर छानबीन की। परिजनों ने कहा कि उनको किसी पर शक नहीं है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
वर्जन
मंगलवार सुबह लापता बच्चे का शव गांव के जोहड़ में ही मिला। परिजनों ने किसी पर शक जाहिर नहीं किया। पोस्टमार्टम के बाद शव को पिता के हवाले कर दिया। मासूम की पानी में डूबने से मौत हुई है।
- इंस्पेक्टर रोहताश सिंह, थाना प्रभारी कलानौर