रोहतक। विकास से अछूते कलानौर व महम बस स्टैंड की सूरत बदलेगी। इसके लिए रोडवेज मुख्यालय ने पुलिस हाउसिंग बोर्ड को एक करोड़ रुपये भेज दिए हैं। दोनों स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए बेंच भी लगेंगी। एक सप्ताह में काम शुरू करने का दावा किया जा रहा है।
रोहतक से हांसी-हिसार जाने पर रास्ते में महम और भिवानी, चरखी दादरी जाने पर कलानौर बस स्टैंड पड़ता हैं। दोनों कस्बों की आबादी भी अच्छी खासी है। दोनों स्टैंड से रोजाना छह से सात हजार यात्रियों का आवागमन होता है। बावजूद इसके दोनोें बस स्टैंड की हालत काफी खराब है। यहां पेयजल और शौचालय की सुविधा रामभरोसे है। जरा सी बारिश में छतों से पानी टपकता है। इन हालातों के चलते रोडवेज मुख्यालय ने पुलिस हाउसिंग बोर्ड को एक करोड़ रुपये भेजे हैं। इस धनराशि से पुलिस हाउसिंग बोर्ड पहले महम व कलानौर स्टैंड का जीर्णोद्धार करेगा। पानी व शौचालय की सुविधा में सुधार होगा। साथ ही यात्रियों के बैठने के लिए बेंच भी लगेंगी। इसके बाद बची राशि रोहतक बस स्टैंड के सुंदरीकरण पर खर्च होगी। पुलिस हाउसिंग बोर्ड के जूनियर इंजीनियर विजय का कहना है कि मरम्मत कार्य करने के बाद जैसे-जैसे रोडवेज प्रशासन आगे काम कराने के लिए कहेगा, वैसे-वैसे किया जाएगा। एक सप्ताह में दोनों स्टैंडों का सुंदरीकरण कराया जाएगा।