एमडीयू में चल रही नार्थ जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नीरज कुमार ने प्रतिद्वंद्वी सिद्धार्थ को हराकर ट्राफी जीत ली। दूसरे मुकाबले में पंजाब के गगन ने जीत दर्ज की।
तीन दिवसीय चैंपियनशिप का रविवार को समापन हो गया। सेमीफाइनल मैच अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नीरज कुमार और अमन के बीच खेला गया। इसमें नीरज कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-1 से जीत हासिल की। डबल मुकाबले में नीरज और सुरेंद्र राठी की जोड़ी ने दीपक और गौरव की जोड़ी को 2-1 से हराकर मैच जीता। एकल मुकाबले में फाइनल में नीरज कुमार ने सिद्धार्थ को हराया। 11 आयु वर्ग के फाइनल मुकाबलों में पंजाब के गगन ने दिवांग तोमर को 21-14 और 21-19 से पराजित किया। अंशुल ने हर्ष आनंद को 22-20, 21-14 और 21-11 से हराया। आयुषी रोहतक ने टीनू दहिया 21-14 और 21-13 से मात दी। पलक पंजाब ने उन्मति हुड्डा को 21-18 व 21-13 और निकिता ने राशि को 21-17, 21-13 के अंतर से हराया। आयोजन सचिव प्रवेश ढुल ने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को नकद धनराशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वीसी प्रो. बिजेंद्र कुमार पूनिया ने इस चैंपियनशिप को सफलतापूर्वक पूरी कराने के लिए आयोजकों को बधाई दी। इस मौके पर रविंद्र ढुल, प्रो. आरपी गर्ग, ज्योति ठाकुर, डॉ. सुमन, मुकेश गोयल, मनोज गोयल, महेंद्रपाल सिंह, प्रताप राठी, सतपाल मलिक, डॉ. रश्मि, विपिन, प्रदीप पालीवाल और हरेंद्र मलिक मौजूद रहे।
खेल के साथ मनोरंजन भी
संजीव ढुल मेमोरियल बैडमिंटन चैंपियनशिप के समापन पर खेल के साथ-साथ खिलाड़ियों का मनोरंजन भी किया गया। प्रसिद्ध पोप गायक कुलबीर दिनोदा उर्फ केडी और हास्य कलाकार मनीष मस्ताना ने खिलाड़ियों को गुदगुदाया। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पंजाब से आए खिलाड़ियों ने हरियाणवी अंदाज में सुनाए गए गाने और चुटकुलों पर खूब मस्ती की।
खिलाड़ी बोले : हम लेते हैं शपथ, नहीं करेंगे नशा
रोहतक। चैंपियनशिप के समारोह सबसे खास खिलाड़ियों की शपथ रही। खेल निदेशक डॉ. डीएस ढुल ने चैंपियनशिप में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इस दौरान खेल निदेशक ने कहा कि चैंपियनशिप के समापन पर खिलाड़ियों को पुरस्कार के साथ-साथ एक सामाजिक संदेश भी साथ लेकर जाना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियोें को शपथ दिलाते हुए कहा कि हम कभी भविष्य में नशा नहीं करेंगे और न ही अपने आसपास नशे को बढ़ने देंगे। पुरुष खिलाड़ियों के साथ-साथ महिला खिलाड़ियों ने भी यह शपथ ली।