रोहतक। लॉकडाउन के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार किया है। एक युवक से 10 बोतल शराब बरामद हुई है। इसके अलावा मास्क न पहनने पर 246 लोगों के चालान किए गए हैं। मई में शुक्रवार तक पुलिस ने मास्क न पहनने वाले 1124 लोगों के चालान किए हैं। जिनसे 5 लाख 62 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुरानी सब्जीमंडी थाना पुलिस ने मुख्य सिपाही प्रवीण के नेतृत्व पाड़ा मोहल्ला रोड पर परचून की दुकान से मुक्कदर निवासी पाड़ा मोहल्ला को गिरफ्तार किया। पुरानी सब्जीमंडी थाना पुलिस ने पी/एसआई संदीप के नेतृत्व में रात के समय गश्त के दौरान दयानंद मठ चौक के पास सब्जी की दुकान से रमेश निवासी गुरुनानकपुरा को गिरफ्तार किया। सांपला थाना पुलिस ने मुख्य सिपाही सुनील के नेतृत्व में कुलताना रोड के पास बगैर उचित कारण के सड़क पर घूमते हुए ओमबीर उर्फ गिलेहरी निवासी कुलताना को काबू किया है। तलाशी लेने पर युवक के पास से अवैध चाकू बरामद हुआ है। युवक के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत सांपला थाना में केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
उधर, शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने मुख्य सिपाही प्रदीप के नेतृत्व में भिवानी चुंगी के पास खाली प्लॉट में बैठकर शराब पी रहे निशांत निवासी गांव दौराला जिला मेरठ हाल किरायेदार राजेंद्रा कॉलोनी, राकेश निवासी लौहड बाजार भिवानी हाल किरायेदार राजेंद्रा कॉलोनी व पंकज निवासी शेर विहार कॉलोनी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं सदर थाना पुलिस ने मुख्य सिपाही रोहतास के नेतृत्व में टिटौली चौकी पुलिस की टीम गश्त में मौजूद थी। गश्त के दौरान गांव जिंदराण के नजदीक रोड के पास से नकुल निवासी मोई हुड्डा को काबू किया गया। युवक के पास प्लास्टिक के कट्टे से 10 शराब की बोतल बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सदर थाना में केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।