रोहतक। टिटोली में शनिवार को 85 लोगों की जांच की गई। इसमें से 7 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं दो लोगों की मौत हुई है। जिसमें बुजुर्ग महिला 86 वर्षीय की थी और व्यक्ति की उम्र 52 वर्ष थी।
बता दें कि आर्य समाज ने शनिवार को दूसरे दिन भी यज्ञ हवन के साथ मास्क बांटे और लोगों को जागरूक किया। स्वामी ब्रह्मानंद, अजयपाल आर्य, राजबीर वशिष्ठ, रजनेश कुंडू, मनीष आर्य आदि इस कार्य में लगे हुए हैं। स्वामी आदित्यवेश गांव के प्रतिष्ठित व्यक्ति रामचंद्र ठेकेदार से मिले। उनसे कोरोना केयर सेंटर बनाने पर विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा कि यह सेंटर यहां जल्दी बनना चाहिए।
इसके लिए उन्होंने अपनी एक बिल्डिंग दी है, जिसमें पहले अस्पताल चलता था, जिसमें 30 बेड की व्यवस्था हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन चाहे तो यहां सेंटर शुरू कर सकता है। विदित हो कि आर्य समाज 20 बेड व 5 ऑक्सी जेनरेटर देने का प्रस्ताव पहले ही रख चुका है। ग्रामीणों का मानना है कि कोरोना पॉजिटिव लोगों के लिए भी यदि गांव में ही आइसोलेशन सेंटर बन जाए तो ज्यादा अच्छा है। क्योंकि फिर असावधानी की गुंजाइश कम रहती है और कोरोना की इस चेन को तोड़ने का यह भी एक विकल्प है। गांव के ही एक व्यक्ति मदन रंगा ने बताया कि वो व उनकी टीम घर घर जाकर बुखार वाले व्यक्तियों की ऑक्सीजन माप रही है। जिसको दिक्कत होती है उसके लिए तुरंत डॉक्टर से संपर्क करवाया जाता है।