हरियाणा चार्टर्ड एसोसिएशन ऑफ फिजियोथैरेपी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. आरके मुदगिल ने एक वेब सीरीज को रोहतक से लीगल नोटिस भेजा है। आरोप है कि वेब सीरीज में फिजियोथैरेपी चिकित्सक की परिभाषा के साथ पूरी तरह से खिलवाड़ किया गया है। इसके माध्यम से यह दर्शाने की कोशिश की गई है कि फिजियोथैरेपी चिकित्सक की स्वास्थ्य सेवाओं में स्वयं की कोई भूमिका नहीं है। वह किसी अन्य प्रोफेशन, जिसमें कंपाउंडर शब्द का जिक्र किया गया है, उससे उसकी तुलना कर रही हैं।
डॉ. मुदगिल ने बताया कि यहां यह चीज साफ करना जरूरी है कि सबके अपने-अपने कार्य हैं और सभी लोग अपने तरीके से करते हैं। कोई भी प्रोफेशन छोटा या बड़ा नहीं होता तो ऐसे में इस तरह की गलत तुलना करना वेब सीरीज के माध्यम से और उसे दर्शकों के सामने परोसना गलत है। महिला फिजियोथैरेपिस्ट अपना कार्य पूरी ईमानदारी से समाज में करती हैं, लेकिन इस वेब सीरीज में दिखाया गया है कि कैसे एक महिला चिकित्सक अपने ही मरीज के साथ अनैतिक संबंधों को बढ़ावा दे रही है।
इससे महिला फिजियोथैरेपिस्ट एवं फिजियोथैरेपी चिकित्सा की गरिमा पर काफी प्रभाव पड़ रहा है। हरियाणा चार्टर्ड एसोसिएशन ऑफ फिजियोथैरेपी के आह्वान पर इस वेब सीरीज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अंजाम देने के लिए कानूनी सलाहकार एडवोकेट रोहित कुमार मुदगिल द्वारा इस वेब सीरीज के निर्माताओं व लेखकों व हॉट स्टार ऐप को लीगल नोटिस भेजा है। इसके अंतर्गत इन्हें 15 दिन का समय दिया गया है कि वह इस तरह के गलत कंटेंट अपनी वेब सीरीज से हटा लें और माफीनामा दें।