रोहतक। कोरोना की तीसरी संभावित लहर को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। पुलिस लाइन में जवानों के लिए कोविड केयर सेंटर बनाया गया है, जहां जरूरत पड़ने पर पुलिस कर्मियों को दाखिल किया जाएगा। उनकी देखभाल विभाग की हेल्थ विंग करेगी। साथ सोमवार को पुलिस लाइन स्थित अस्पताल में 62 पुलिस कर्मियों व उनके परिजनों को बूस्टर डोज लगाई गई। मई माह से पहले दूसरी डोज लगवाने वालों को विभाग बूस्टर डोज लगा रहा है।
शहर में कोरोना संक्रमण के हर रोज मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे हालात में पुलिस कर्मियों को न केवल आम लोगों से नियमों का पालन करवाना होता है, बल्कि खुद भी सुरक्षित रहना पड़ता है। दूसरी लहर में जिला पुलिस के दो जवानों की मौत हो गई थी, जबकि सैकड़ों संक्रमित भी हुए थे। ऐसे में समय पर पुलिस कर्मियों को पहली व दूसरी डोज दी गई। 96 प्रतिशत पुलिस कर्मियों को पहली व 93 प्रतिशत से ज्यादा को दूसरी डोज लग चुकी है। विभाग की हेल्थ विंग के इंचार्ज हरेंद्र कटारिया ने बताया कि फिर भी विंग अलर्ट पर है। मई माह तक दूसरी डोज लगवाने वाले पुलिस कर्मियों को सोमवार को बूस्टर डोज लगाई गई। साथ ही पुलिस लाइन के अंदर ही एक कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस कर्मियों को एडवाइजरी भी जारी कर दी है।
.....
पुलिसकर्मी ये रखें ध्यान
पुलिस विभाग की हेल्थ के इंचार्ज हरेंद्र ने बताया कि बढ़ते कोरोना वायरस (ओमिक्रॉन वैरिएंट) के खतरे को देखते हुए रोहतक पुलिस द्वारा जवानों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए है। रोहतक पुलिस के कर्मचारी जो फील्ड ड्यूटी या पब्लिक डीलिंग कर रहे है उनके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश ये हैं।
: सभी कर्मचारी अन्य व्यक्तियों से कम से कम एक मीटर का फासला बनाकर अपनी ड्यूटी करें।
: सभी कर्मचारी ड्यूटी करते समय मास्क व हैंड सैनिटाइजर का प्रयोग करें। बार-2 साबुन या हैंड सैनिटाजर से हाथ साफ करें। हैंड सैनिटाइजर प्रयोग करने के बाद आग के पास जाने से बचे, क्योंकि इसमें अल्कोहल का मिश्रण होता है आग जल्दी पकड़ता है।
: डिस्पोजल मास्क का प्रयोग करने के बाद उसे नष्ट करे दे। डिस्पोजल मास्क को केवल 8 घंटे तक प्रयोग करे। उसके बाद नया डिस्पोजल मास्क का प्रयोग करें। एक बार डिस्पोजल मास्क लगाने के बाद उसे नीचे की तरफ न करे। इससे मास्क की उपयोगिता खत्म हो जाती है। कपड़े वाले मास्क को गर्म पानी व सेवलॉन/डेटॉल में धोकर धूप में सुखाकर दोबारा प्रयोग करे।
: सभी कर्मचारी ड्यूटी खत्म होने के बाद गर्म पानी में साबुन लगाकर स्नान करें तथा पहने हुए कपड़ों को भी गर्म पानी में सेवलॉन/डेटॉल डालकर साफ करें। कपड़े धोने के बाद कम से कम दो घंटे धूप में अवश्य सुखाए।
: लक्षण आने पर तुरंत अपना आरटीपीसीआर टेस्ट कराए और दूसरे व्यक्ति से दूरी बनाकर रखे।
: थाना, चौकी व सीआईए प्रभारी पुलिस व चौकी में आने वाले व्यक्तियों को मास्क लगाने के बाद ही प्रवेश करने की अनुमति देंगे।
: एसपी कार्यालय स्थित सिक्योरिटी ब्रांच प्रभारी अपने कर्मचारी की ड्यूटी लगाएंगे कि जो व्यक्ति बाहर से कार्यालय में आ रहा है उनका वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट चेक करें।
: पब्लिक डीलिंग करते समय उचित दूरी बना कर रखेंगे और खुद भी मास्क का प्रयोग करेंगे।
: किसी भी कर्मचारी को स्वास्थ्य संबंधी कोई परेशानी होती है तो तुरंत पुलिस लाईन अस्पताल में तैनात फार्मासिस्ट हरेन्द्र सिंह से संपर्क करें। इसके लिए 24 घंटे मोबाइल नंबर 7082999207 व 8295233533 पर संपर्क किया जा सकता है।
एडीजीपी ने भी लगवाई बूस्टर डोज
सोमवार को रोहतक रेंज के एडीजीपी संदीप खिरवार ने भी बूस्टर डोज लगवाई। पुलिस लाइन में बूस्टर डोज उन पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को दी जा रही है, जिन्हाेंने 9 माह पहले दोनों वैक्सीन लगवा रखी हैं।