फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केएमपी एक्सप्रेस-वे पर दस किमी के दायरे में खुलेगी पुलिस चौकी 

Sat, 08 Apr 2017 02:49 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
मनोहर लाल खट्टर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कुंडली-मानसेर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर जल्द ही दस किलोमीटर के दायरे में एक पुलिस चौकी खोली जाएगी। ताकि अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। इसके अलावा दिल्ली अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यह घोषणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की है।
विज्ञापन


वह शुक्रवार को सुनारिया स्थित पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित दीक्षांत समारोह बोल रहे थे। दीक्षांत समारोह में 649 जवानों को पासिंग आउट परेड के बाद हरियाणा पुलिस के खेमे में शामिल कर लिया गया। पासिंग आउट परेड में प्रथम कुलदीप सिंह, द्वितीय अशोक कुमार, तृतीय ब्रजवीर सिंह और चौथे स्थान पर रहे कृष्ण कुमार को सीएम ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पासिंग आउट परेड करने वाले सभी जवानों को गुरुग्राम व फरीदाबाद जिलों में भेजा जाएगा। यहां पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए इन जवानों को ट्रैफिक पुलिस की टीम में शामिल किया जाएगा। लगन व इमानदारी से काम करने को लेकर सभी जवानों को शपथ दिलवाई गई। जवानों ने हर कीमत पर प्रदेश के नागरिकों की सेवा करने की शपथ ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ही सरकार का चेहरा है।
विज्ञापन


जैसा पुलिस का व्यवहार और काम होगा उसी हिसाब से सरकार को आंका जाएगा। उन्होंने नए पुलिस कर्मियों के अलावा उन्हेें प्रशिक्षण देने वाले डीजीपी केपी सिंह और आईजी नवदीप सिंह विर्क की सराहना की। सीएम ने कहा कि सुनारिया तपो भूमि है। इसके पांच किलोमीटर के दायरे में उन्होंने दस वर्ष तक शिक्षा ली है। कार्यक्रम में डीजीपी ने कहा कि नए पुलिस कर्मियों में दसवीं से लेकर एमबीए की पढ़ाई करने वाले कर्मचारी शामिल हैं। 

दिल्ली अंबाला हाइवे पर लगे 250 सीसीटीवी कैमरे 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की पुलिस को पूरे देश में सबसे बेहतर और आधुनिक बनाया जाए। इसी दिशा में काम किया जा रहा है। इसी के तहत  दिल्ली-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग-1 पर 250 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। पुलिस पब्लिक पार्टनरशिप के तहत यह कार्य जारी है। इसके अलावा प्रदेश से गुजरने वाले सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रत्येक 20 किलोमीटर की दूरी पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए हर जिले में ट्रैफिक थाने खोले जाएंगे। 

जल्द होगी रिक्त पड़े 14 हजार पदों पर भर्ती 
प्रदेश में पुलिस बल की कम संख्या को देखते हुए सीएम ने कहा कि जल्द ही प्रदेश सरकार पुलिस के 14 हजार रिक्त पड़े पदों पर भर्ती करेगी। इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दस साल के कार्यकाल में इन पदों पर भर्ती ही नहीं की गई। उन्होंने कहा कि अब तक 814 पुरुष व 856 महिला पुलिस कर्मचारियाें की भर्ती की जा चुकी है। इसके अलावा पांच हजार अन्य पुलिस सिपाहियों की भर्ती पूरी होने वाली है, साथ ही करीब साढे़ पांच हजार सिपाहियों व उप-निरीक्षकों के 380 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। 

महिला पुलिस बल की भी बढ़ेगी संख्या 
प्रदेश सरकार की तरफ से महिला पुलिस बल की भी संख्या बढ़ाई जाएगी। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हरियाणा महिला पुलिस में 1581 नए पद सृजित किए हैं। इनमें भर्ती होने के बाद प्रदेश में महिला पुलिस बल की संख्या का प्रतिशत दस हो जाएगा। इसके अलावा करनाल व महेंद्रगढ़ जिले में महिला पुलिस वालंटियर स्कीम की शुरूआत की गई है। प्रत्येक थाने में फ्री रजिस्ट्रेशन डेस्क बनाया गया है ताकि थाने में शिकायत दर्ज करवाने में किसी को कोई परेशानी न हो।

साथ ही पुलिस ने हरियाणा के एनआरआई की समस्या का निपटान करने के लिए हर समय पोर्टल पर एनआरआई सैल का प्रावधान किया है। पुलिस की भर्ती पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत की जा रही है। सभी वर्गों व प्रदेश के सभी क्षेत्रों से उच्च शिक्षा प्राप्त युवक व युवतियां पुलिस में भर्ती हो रहे हैं। सरकार ने राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को पुलिस विभाग में नौकरी दी है। 
 
हिसार और पंचकुला में खुलेगी नई एफएसएल लैब 
प्रदेश सरकार की तरफ से हिसार और पंचकुला में एफएसएल लैब खोल जाएगी। फिलहाल मधुबन (करनाल),  सुनारियां (रोहतक) और भौंडसी (गुरुग्राम) में लैब हैं। रोहतक और गुरुग्राम में बाद में खोली गई थी। इसके अलावा फोरेंसिक वैज्ञानिकों के 76 पद भरने की प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। सीएम ने कहा कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए गुरुग्राम में  डिजिटल इन्वेस्टिगेशन एंड टैक्निकल एनालिसिस सेंटर खोला जाएगा।

इसमें पुलिस कर्मचारियों को सोशल मीडिया, इंटरनेट और साइबर अपराधों का अनुसंधान करने में प्रशिक्षित किया जाएगा। इतना ही नहीं यहां पर एक ‘साइबर पुलिस स्टेशन’ की भी स्थापना की जाएगी। सीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता दिखाते हुए ‘सड़क सुरक्षा फंड की स्थापना की गई है। ट्रैफिक चालान से होने वाले राजस्व की 50 प्रतिशत राशि पुलिस सड़क सुरक्षा पर खर्च की जा रही है। पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान इस फ ंड में 15 करोड़ रुपये की राशि दी गई थी।

पुलिस कर्मियों के लिए बनेंगे 3600 मकान, खुलेंगे 5 डीपीएस
पुलिस कल्याण को लेकर भी प्रदेश सरकार की तरफ से प्रयास किये जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों के लिए 3600 नए मकान बनाए गए हैं। इसके अलावा प्रदेश में पांच पुलिस पब्लिक स्कूल खोले जाएंगे। अभी 14 डीपीएस हैं। इस अवसर पर सहकारिता राज्य मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, एडीजीपी मोहम्मद अकील, बीएससंधु, ओपी सिंह, आईजी एएस चावला, आयुक्त गुरुग्राम संजय खेरवार, रोहतक मंडल के आयुक्त चंद्रप्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक नवदीप सिंह विर्क, उपायुक्त अतुल कुमार, पुलिस अधीक्षक पंकज नैन, अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कुमार सहित जोन के सभी जिलों के एसपी मौजूद रहे। 

बदला ही लेना होता तो ढाई साल पहले लेते 
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर दर्ज की गई एफआईआर के बारे में पूछने पर सीएम कहा कि प्रदेश सरकार बदले की भावना से काम नहीं कर रही है। यदि बदला ही लेना होता तो ढाई साल पहले लेते। सीबीआई ने हुड्डा के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच के बाद सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। साथ ही उन्होंने किसानों के कर्ज माफ करने के बारे में कहा कि इस योजना पर मंथन किया जा रहा है। अभी कुछ भी निश्चित नहीं है।

कर्मचारियों के वेतन बढ़ाने पर सीएम ने कहा कि केन्द्रीय वेतन आयोग के हिसाब से वेतन दिया जा रहा है। इसके अलावा सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली के रेट में बिल्कुल भी वृद्धि नहीं करेगी। औद्योगिक क्षेत्र की बिजली दरों में भी कमी की जाएगी ताकि प्रदेश में उद्योगों की बढ़ोतरी हो सके।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें