रोहतक। करौंथा कांड को लेकर जिला अदालत में सुनवाई चल रही है। वीरवार को अदालत ने सुनवाई के लिए चार मई की तिथि तय की। क्योंकि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई चल रही है।
मामले के अनुसार साल 1999 में करौंथा में सतलोक आश्रम की स्थापना की गई थी, जिसके संचालक रामपाल हैं। स्वामी दयानंद की शिक्षाओं पर टिप्पणी से आसपास के ग्रामीण व आर्यसमाजी नाराज हो गए। जुलाई, 2006 में हालात टकराव तक पहुंच गए। हिंसा में झज्जर जिले के एक युवक सोनू की मौत हो गई। तत्कालीन हुड्डा सरकार ने हालात को नियंत्रित करने के लिए अर्ध सैनिक बलों की सहायता ली। रातोंरात आश्रम के बाहर जमा भीड़ को हटाया गया और आश्रम को खाली करवाया गया। साथ ही रामपाल सहित 33 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। तभी से मामले की जिला अदालत में सुनवाई चल रही है।