दुर्गा भवन मंदिर में रामनवमी पर पूजा करते श्रद्धालु। संवाद
रोहतक। चैत्र नवरात्र के समापन एवं रामनवमी पर रविवार को मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने देवी मां को चुन्नी, नारियल व शृंगार का सामान भेंट कर आशीर्वाद लिया। मंदिर मां के जयकारों से गूंज उठे। घर-घर कन्याओं के जल से पैर धोकर उन्हें हलवा-चने का प्रसाद ग्रहण कराया गया और कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई व दान दक्षिणा देकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत खोला।
दुर्गा भवन मंदिर, गुफा वाले मंदिर, संकट मोचन हनुमान मंदिर, शीतला माता मंदिर सहित शहर के अन्य मंदिरों में सुबह से पूजा-आर्चना के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। पूजा के बाद मंदिरों में भजन संध्या और प्रसाद वितरित किया गया। आसपास से सैकड़ों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
....
दुर्गा भवन मंदिर में भजन संध्या का आयोजन
शहर के दुर्गा भवन मंदिर में रविवार को रामनवमी पर भजन संध्या का आयोजन किया। कलाकारों ने मां के भजनों पर प्रस्तुति दी। श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए। मंदिर के प्रधान ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि रामनवमी पर भगवान श्रीराम का धरती पर जन्म हुआ था, इसीलिए मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया गया था। इस अवसर राजेश जैन, प्रदीप कौशिक, श्याम कपूर, टीटू विज, सुरेश वंशल व दीपिका आदि मौजूद रहे।
...
संकट मोचन मंदिर में रामनवमी पर हवन
माता दरवाजा स्थित संकट मोचन मंदिर में रामनवमी पर हवन और कन्या पूजन का आयोजन किया गया। साध्वी मानेश्वरी देवी ने कहा कि चैत्र शुक्ल नवमी को भगवान राम का जन्म हुआ था। भक्ति ऐसा धन है, यह न तो कभी समाप्त होता है और न ही इसे कोई लूट सकता है।