अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल ने मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में संबंधित अधिकारियों को अनाधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के लिए निर्धारित किए गए मापदंडों की जांच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को जिले में नगर योजनाकार से मिलने और 10 आवेदनों की संबंधित कॉलोनी की साइट का निरीक्षण तथा संबंधित कॉलोनी के मापदंडों को पूरा करने वालों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने अनाधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के लिए मापदंड निर्धारित किए हैं। जिला प्रशासन ने इन मापदंडों की जांच के लिए समिति का गठन किया है। इन सभी कॉलोनियों की साइट पर पहुंचकर अधिकारियों की टीम मापदंडों का निरीक्षण करेगी तथा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय सिंह मलिक, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता विजय दलाल, पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता वीरेंद्र सिंह, जिला नगर योजनाकार राजकीर्ति तथा अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।