नॉर्दर्न जोन इंश्योरेंस एंप्लाइज एसोसिएशन के सम्मेलन में शामिल सदस्य।। अमर उजाला
ऑल इंडिया इंश्योरेंस एंप्लाइज एसोसिएशन से संबद्ध नॉर्दर्न जोन इंश्योरेंस एंप्लाइज एसोसिएशन का 33वां अधिवेशन मंगलवार को केंद्र सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के जीवन बीमा व साधारण बीमा के निजीकरण के प्रयासों के विरोध में संघर्ष के एलान के साथ संपन्न हुआ। यह तीन दिवसीय सम्मेलन एमडीयू के राधाकृष्णन सभागार में हुआ। इसमें उत्तर भारत के दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू, कश्मीर व चंडीगढ़ के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी वक्ताओं ने सम्मेलन में रखे गए एजेंडे पर अपने विचार रखते हुए केंद्र सरकार की निजीकरण व विनिवेश नीति, आम जनता से जुड़े महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी, स्वास्थ्य, शिक्षा के मुद्दों पर चिंता जताई।
सम्मेलन के सह संयोजक त्रिलोक बंसल ने कहा कि अधिवेशन को प्रमुख रूप से ऑल इंडिया इंश्योरेंस एंप्लाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष वी रमेश, महासचिव श्रीकांत मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष अमान्नूला खान, उपाध्यक्ष अनिल भटनागर, नॉर्दर्न जोन के अध्यक्ष आरसी शर्मा व महासचिव नवीन चंद ने संबोधित किया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वर्तमान सत्तारूढ़ केंद्र सरकार देश की आर्थिक संप्रभुता की रीढ़ माने जाने वाले एलआईसी जैसे सरकारी संस्थान का शेयर बाजार के माध्यम से विनिवेश करना चाह रही है। यह देशहित में नहीं है। उन्होंने कहा कि पांच करोड़ की पूंजी के साथ 1956 में स्थापित एलआईसी की पूंजी अब 42 लाख करोड़ रुपये है। यह पैसा राष्ट्र निर्माण के लिए देश की आम जनता से अर्जित किया गया है। एलआईसी के शानदार प्रदर्शन के बावजूद केंद्र सरकार ने अपनी पूंजी का 3.5 प्रतिशत हिस्सा बेच दिया। सरकार का यह कदम आने वाले समय में देश की अर्थव्यवस्था की उन्नति में आत्मघाती साबित होगा।
अधिवेशन में निर्णय लिया गया कि अन्य ट्रेड यूनियनों व विभिन्न मुद्दों को लेकर संघर्षरत संगठनों के साथ एकबद्ध होकर बीमा कर्मी राष्ट्रहित में एलआईसी व जीआईसी के निजीकरण के खिलाफ देशभर में व्यापक आंदोलन चलाएंगे। भारत की आम जनता को भी इन संघर्ष कार्यक्रमों का हिस्सा बनाया जाएगा। इस मौके पर सम्मेलन के संयोजक पवन मलिक, सहसंयोजक त्रिलोक बंसल, रोहतक मंडल के उपाध्यक्ष जगबीर अहलावत, नॉर्दर्न जोन इंश्योरेंस एंप्लाइज एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अलावा उत्तर भारत के राज्यों से पहुंचे बीमा कर्मी मौजूद रहे।
एसोसिएशन की कार्यकारिणी गठित
अधिवेशन के अंतिम दिन नॉर्दर्न जोन इंश्योरेंस एंप्लाइज एसोसिएशन की कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से आरसी शर्मा को अध्यक्ष, नवीन चंद को महासचिव, जितेंद्र पारिख को संगठन सचिव, वेद कुमार, हरीश नागपाल, रघुनंदन प्रसाद, पवन गुप्ता व अमरदीप सिंह को उपाध्यक्ष, रविंद्र सैन को कोषाध्यक्ष व अनुपमा सचदेवा व प्रदीप मिंका को सह कोषाध्यक्ष चुना गया।