08-पीजीआई में नवनिर्मित पोस्ट ग्रेजुएट डेमोंसट्रेशन रुम का उद्घाटन करते कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल
रोहतक। पीजीआई में बुधवार को शिशु रोग विभाग के लिए नवनिर्मित पोस्ट ग्रेजुएट डेमोंसट्रेशन रूम का उद्घाटन किया गया। कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने रिबन काटकर इसका शुभारंभ किया। इस अत्याधुनिक हाल के शुरू होने से विभाग की शैक्षणिक व शोध गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
वर्तमान में शिशु रोग विभाग में 45 रेजिडेंट व 12 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर प्रशिक्षण ले रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या के बावजूद अब तक विभाग के पास केवल 30 सीटिंग क्षमता का एक ही डेमोंसट्रेशन रूम उपलब्ध था। ऐसे में क्लिनिकल केस प्रेजेंटेशन, सेमिनार, थीसिस डिस्कशन और वर्कशॉप के आयोजन में काफी कठिनाई आती थी।
बैच को दो भागों में बांटकर पढ़ाना पड़ता था जिससे समय व संसाधन दोनों की बर्बादी होती थी। कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार अपग्रेड किया जा रहा है। नया डेमोंसट्रेशन रुम उसी दिशा में एक मजबूत कदम है। कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षा के साथ-साथ शोध को भी बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, डीन छात्र कल्याण डॉ. सविता सिंघल, डाॅ. एनडी वासवानी, डाॅ. अल्का, डाॅ. वंदना व अन्य उपस्थित रहे।