38...सुनारियां में नगर निगम की 2.5 एकड़ भूमि पर किए कब्जे को बुलडोजर से ढहाने के दौरान मौजूद निग
रोहतक । सुनारियां में नगर निगम की 2.5 एकड़ भूमि पर बने खेल मैदान में गेट लगाकर किए कब्जे को निगम की टीम ने मंगलवार को बुलडोजर से ढहा दिया। दोपहर बाद पुलिस बल के साथ कब्जा छुड़ाने पहुंची नगर निगम की टीम को देख विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल के आगे उनकी एक न चली। नगर निगम आयुक्त डाॅ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि सुनारियां गांव में स्थित नगर निगम की लगभग 2.5 एकड़ भूमि से कब्जा हटवाया गया। इस संबंध में कब्जाधारियों को पहले नोटिस जारी किए गए थे। जिनमें कब्जा हटाने को कहा गया। लेकिन स्वयं कब्जा न हटाने पर निगम की टीम ने मंगलवार को बुलडोजर से हटा दिया। उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीम भू-अधिकारी संदीप बतरा की देख-रेख एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट नगर अभियंता तरुण कुमार की निगरानी में इस भूमि को निगम के कब्जे में लिया गया है। इस कार्य में जिला प्रशासन व पुलिस विभाग का भी सहयोग लिया गया ताकि कार्यवाही के दौरान किसी प्रकार का वाद-विवाद उत्पन्न न हो। इस दौरान रेवेन्यू सलाहकार प्रमेश कुमार व एन्फोर्समेंट टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।
भूमि की निशानदेही :
नगर निगम की ओर से निगम की भूमि की डीमार्केशन यानी निशानदेही का कार्य किया जा रहा है। निगम आयुक्त के अनुसार भू-अधिकारी नगर निगम को निर्देश दिए है कि निगम क्षेत्र में निगम की भूमि की जल्द से जल्द डीमार्केशन कराई जाए, ताकि उन पर कब्जा कार्यवाही की जा सके।
गांधी कैंप बाजार में सामान जब्त :
इसके बाद नगर निगम की टीम बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने पहुंची। भू-अधिकारी की निगरानी में टीम ने गांधी कैंप बाजार में अतिक्रमण हटाया और 20 दुकानदारों का अतिक्रमण कर रखा गया सामान जब्त किया।