संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। गांव आंवली के निकट ड्रेन से अवैध रूप से खोदाई करके मिट्टी उठाने की कोशिश की गई। जब कंपनी के कर्मी गए तो उन्होंने आरोपियों को मिट्टी उठाने से रोक दिया। इस पर मारपीट करने के साथ गाड़ी से कुचलने की कोशिश की। कर्मियों की शिकायत पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया।
मामले में पुलिस ने गांव आंवली निवासी संजीत को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया। रोहतक जिले के गांव रिठाल के धर्मेंद्र और चमारिया के राजेश ने पुलिस को बताया कि कंपनी ने गोहाना क्षेत्र में ड्रेन नंबर आठ की सफाई का काम लिया हुआ है। इन दिनों गांव आंवली के पास काम चल रहा है।
रविवार को वह दोनों गांव आंवली में साइट पर गए थे। वहां पर गांव आंवली का जसबीर, अमित, अजय, हर्मेंद्र पहलवान, निशांत, संजीत अन्य कुछ व्यक्ति ड्रेन की पटरी पर मशीन से मिट्टी उठाकर दो डंपर में भरवा रहे थे। उन्होंने अवैध रूप से मिट्टी उठाने से रोका तो आरोपियों ने उनको पकड़कर डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
एक व्यक्ति ने पिस्तौल तानकर कहा कि ठेकेदार को बुलाओ। अमित स्काॅर्पियो लेकर आया और उनको कुचलने की कोशिश की। उन्होंने भागकर जान बचाई। उनकी शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। जांच अधिकारी उप निरीक्षक रतन ने पुलिस टीम के साथ आरोपी संजीत को गिरफ्तार कर लिया।