माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर की नेहरू कॉलोनी में किराये पर रह रहीं चिंकी उर्फ सिरमन (30) की वीरवार रात उसके पति गोविंदा ने प्रेमिका पूजा के साथ मिलकर रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। भजन गायिका चिंकी की ससुराल जींद के जुलाना व मायका निडाना गांव में है। पुलिस ने मृतका के भाई दीपू के बयान पर आरोपी पति व प्रेमिका के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है।
जींद के निडाना गांव, हाल में किरायेदार नेहरू कॉलोनी निवासी दीपू ने बताया कि उनकी चार बहनें और वे दो भाई हैं। चिंकी दूसरे नंबर की थीं। वह उनसे छोटे हैं। 10 साल पहले चिंकी उर्फ सिमरन की शादी जुलाना निवासी गोविंदा से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। इसमें सात साल की बेटी नंदिनी व पांच साल का बेटा यश है।
फिलहाल, चिंकी उनके मकान से चार गली छोड़कर ममता के मकान में किराये पर रहती थीं। शुक्रवार सुबह 8 बजे चिंकी का जेठ राकेश व जेठानी टीना जुलाना से घर आए। बोले-गोविंदा व चिंकी का झगड़ा हो गया है। साथ में पूजा भी है।
वे तुरंत चिंकी के किराये के मकान में पहुंचे। घर पर कोई नहीं मिला। एक कमरे में पूजा का शव फर्श पर पड़ा था। उसके जीजा गोविंदा ने पूजा के साथ मिलकर चिंकी की हत्या की है।
पुलिस एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल की। गले पर रस्सी का निशान था। चेहरे और पेट पर भी चोट के निशान मिले हैं।
पुलिस को मौके पर रस्सी भी बरामद हुई है। अंदेशा है कि इसी से चिंकी का गला घोंटा गया है। एसपी गौरव राजपुरोहित ने आरोपियों को पकड़ने के लिए अपराध जांच शाखा (सीआई) की तीन और एक टीम सिटी थाने की गठित की हैं।
.....
बेटी व बेटे को भी साथ ले गए आरोपी, नानी को अनहोनी की आशंका
चिंकी की मां कमलेश ने बताया कि उनकी बेटी की सात साल की बेटी नंदनी व पांच साल का बेटा यश भी हैं। रात को चिंकी की हत्या के बाद आरोपी पति गोविंदा व उसकी प्रेमिका पूजा दोनों बच्चों को भी साथ ले गए हैं। कहीं उनके साथ भी कोई अनहोनी न कर दें। पुलिस से मांग की है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर दोनों बच्चों को बरामद किया जाए।
आरोपी पति गोविंदा और उसकी महिला मित्र पूजा के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। एसपी गौरव राजपुरोहित ने आरोपियों को पकड़ने के लिए चार टीमें गठित की हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- इंस्पेक्टर रमेश कुमार, प्रभारी थाना सिटी