रोहतक। साइबर क्राइम थाने में तैनात हवलदार विकास की कार वीरवार रात रोहतक से घर जाते समय डोभ मोड़ पर पेड़ से टकरा गई। हादसे में घायल हवलदार की पीजीआई में मौत हो गई। शिकायत मिलने पर बहुअकबरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
कलानौर खंड के गांव पिलाना निवासी सोनू ने दी शिकायत में बताया कि उसके चाचा विकास (30) झज्जर पुलिस में हवलदार थे। वह साइबर क्राइम थाने में अस्थायी ड्यूटी पर आए हुए थे। वह तीन दिन के अवकाश पर थे। वीरवार को रोहतक आए थे। रात करीब आठ बजे कार से गांव जा रहे थे। वह बाइक पर पीछे-पीछे चल रहा था। करीब साढ़े 8 बजे डोभ मोड़ पर पहुंचे तो एक वैगनार चालक लापरवाही से ड्राइविंग कर रहा था। उसने हनुमान मंदिर के नजदीक विकास की कार को साइड से मार दी। विकास ने बचने का प्रयास किया, इसके चलते उसकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसका लाभ उठाकर वैगनार चालक मौके से फरार हो गया। घायल विकास को पीजीआई में दाखिल कराया है। उपचार के दौरान विकास ने दम तोड़ दिया।