फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंत्री बनकर लौटे ग्रोवर का शहर ने किया स्वागत

Sun, 24 Jul 2016 01:48 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
मकड़ौली टोल प्लाजा से डीएलएफ कालोनी तक स्वागत समारोह - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
मंत्री पद की शपथ लेकर लौटे शहर विधायक मनीष ग्रोवर का शहरवासियों ने धूमधाम से स्वागत किया। समर्थक उन्हें मकड़ौली टोल प्लाजा से डीएलएफ कालोनी स्थित उनके आवास तक नाचते गाते लेकर आए। रास्ते भर फूलमालाओं और ढोल-नगाड़ों से मंत्री का स्वागत किया गया।
विज्ञापन


शनिवार दोपहर तकरीबन दो बजे शहर पहुंचे मंत्री मनीष ग्रोवर का उनके समर्थक लंबे समय से टोल प्लाजा पर इंतजार कर रहे थे। जैसे ही उनका काफिला पानीपत की ओर से रोहतक की ओर टोल पार करके आया सभी ने रंग-गुलाल उड़ाकर और फूलों की माला पहना कर उनका स्वागत किया। मंत्री ने सभी का अभिवादन लिया और गले मिलकर बधाई कबूल की। यहां से उनकी गाड़ियों का काफिला और बड़ा हो गया। जगह-जगह लोगों ने मनीष ग्रोवर के स्वागत की तैयारियां कर रखी थी। कई जगहों पर उन्हें उनके वाहन से उतार कर स्वागत किया गया।
ग्रोवर को प्रदेश के सहकारिता, मुद्रण व लेखन सामग्री (स्वतंत्र प्रभार) विभागों के अलावा शहरी स्थानीय निकाय (मंत्री के साथ संलगभन) विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. सुधा यादव, जिला अध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रमेश भाटिया, कवल सिंह सैनी, सुरेंद्र बंसल, ऐडवोकेट राजेश सहगल, राजरानी शर्मा, प्रतिभा सुमन, जिला महामंत्री राजबीर आर्य, जिला उपाध्यक्ष जोगेंद्र सैनी, वरिष्ठ भाजपा नेता शमशेर खरकड़ा आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन


मां का लिया आशीर्वाद    

मंत्री मनीष ग्रोवर ने डीएलएफ कालोनी स्थित अपने निवास स्थान पहुंचने पर माता सीता देवी से आशीर्वाद लिया और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। इसके बाद हुडा कांप्लेक्स में स्थापित हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉ. मंगलसेन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किये और पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले।

हिंदू कालेज में प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे

मंत्री मनीष ग्रोवर श्री लाल नाथ हिंदू कालेज में पंडित दीन दयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान के तहत चल रहे प्रशिक्षण शिविर में भी पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के समक्ष अपने विचार रखे और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

अपनों के प्यार में डूबे मंत्री
‘चढ़दी कलां चौदह चांदनियां, हिक-हिक रुह हजार-हजार आशीषा’

‘चढ़दी कलां चौदह चांदनियां, हिक-हिक रुह हजार-हजार आशीषा’ कहते हुए सीता देवी का हाथ विधायक से मंत्री बने अपने बेटे मनीष ग्रोवर के सिर पर आ जाता है। उनकी आंखों में खुशी के आंसू और बेटे की कामयाबी का फर्क दिखाई दिया। इसके लिए ईश्वर का धन्यवाद करती हुई सीता देवी ने सीख देते हुए कहा कि अब जिम्मेवारी और बढ़ गई है तो उसका पालन करना। सालों की तपस्या के बाद अब फल मिला है। वहीं उनके परिवार के सदस्य नमीषा, पूजा, दर्शना, राज खुराना, प्रेम ग्रोवर ने उन्हें मंत्री बनने पर बधाई दी।

गोहाना अड्डा पर घूमे पैदल

मंत्री बनकर लौटे मनीष ग्रोवर को उनके कार्यकर्ता गाड़ी से उतार कर गोहाना रोड स्थित फर्नीचर मार्केट में पैदल ले गए। यहां वे अपने समर्थकों का अभिवादन लेते हुए वापस काफिले में शामिल हुए।

कई जगह लगा जाम

मंत्री मनीष ग्रोवर के स्वागत कार्यक्रम के दौरान शनिवार को शहरभर में कई स्थानों पर जाम लग गया। यातायात पुलिस को काफिला जाने के बाद कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाना पड़ा। सबसे लंबा जाम गोहाना अड्डा पर लगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें