एलपीएस बोसार्ड समूह की ओर से प्रायोजित 54वीं हरियाणा राज्य सब जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंतिम दिन फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कांटे के मुकाबले हुए। इनमें फरीदाबाद, गुरुग्राम व रोहतक के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
रविवार को चार दिवसीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में एमडीयू (महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी) के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में खेल निदेशक डॉ. देवेंद्र ढुल ने शिरकत की। इससे पहले प्रात:कालीन सत्र में विधायक व हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष भारत भूषण बतरा ने भी बैडमिंटन खिलाड़ियों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। खेल निदेशक डॉ. देवेंद्र ढुल ने कहा कि कुलपति के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय निरंतर खेल के क्षेत्र में ऊंचाइयों को छू रहा है।
कुलपति ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन से एमडीयू में बैडमिंटन एक्सीलेंस सेंटर खोलने का आह्वान करते हुए कुलपति ने कहा कि इससे खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा। इस कार्य में विश्वविद्यालय की तरफ से भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने हरियाणा से उत्तीर्ण बैडमिंटन अंपायरों को स्टेट अंपायर बनने पर शुभकामनाएं दीं।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि ने सभी विजेताओं को स्मृति चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष यशपाल सिंह पंवार ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के 21 जिलों के 435 खिलाड़ियों ने अंडर-13 व अंडर-15 वर्ग में भाग लिया। रविवार के मुकाबलों के दौरान जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव उमेद शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेंदर मलिक, टूर्नामेंट को ऑर्डिनेटर रितेश दलाल, हरिओम चंदेल, गिरीश सैनी, जिला बैडमिंटन कोच प्रवेश, ऋषिराज, भारत भूषण अरोड़ा, नीरज मलिक, पवन सोलंकी, जोगेंद्र मोर प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
फाइनल प्रतियोगिता का परिणाम
अंडर-15 मिक्सड डबल्स में ओमकर्ण व अनमोल की जोड़ी ने ईशान व अनन्या को 21-10, 21-15 से हराया।
अंडर-15 गर्ल्स डबल्स मुकाबले में बरुनी व मेधावी की जोड़ी ने 21-15, 15-21, 25-23 से अनन्या व अनमोल को हराया।
अंडर-13 गर्ल्स डबल्स के फाइनल में सिरसा की परनीत व संगीत कौर ने 14-21, 21-13, 21-17 से अद्विका व देवांशी को हराया।
अंडर-15 गर्ल्स सिंगल फाइनल मुकाबले में अनमोल ने अपने ही जिले फरीदाबाद की मेधावी को 21-18, 21-10 से हराया।
अंडर-13 गर्ल्स सिंगल में अद्विका ने मनस्वी को 17-21, 21-14, 21-13 से शिकस्त दी।
अंडर-15 बॉयज डबल्स मुकाबले में ओमकर्ण व ईशान की जोड़ी ने अनिरुद्ध व रेयांश को हराया।
अंडर-13 बॉयज डबल्स मुकाबले में जयवर्धन व वेदांत ने गुरनाम व गुरशब्द की जोड़ी को पराजित किया।
अंडर-15 बॉयज सिंगल्स में ओमकर्ण ने रेयांश को हराया।
अंडर-13 बॉयज सिंगल मुकाबले में रोहतक के वेदांत पाहवा ने हर्षित को हराकर टाइटल पर कब्जा किया।