फोटो 05- सोनीपत स्टेशन पर जीआरपी थाना प्रभारी जोगिंद्र सिंह के साथ यात्रियों के सामान की जांच क
सोनीपत। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के कारण रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) व राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने सोनीपत के तहत आने वाले स्टेशनों के साथ परिसर में जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
अब यात्रियों के साथ पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के भी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पार्किंग क्षेत्र व यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है। स्टेशन से गुजरने वाली हर ट्रेन की गहनता से जांच की जा रही है।
जीआरपी थाना प्रभारी जोगिंद्र सिंह स्टेशन परिसर की जांच करते हुए पार्किंग स्थल पर पहुंचे। यहां ठेकेदार से वाहनों संबंधी रिकॉर्ड मांगा गया। साथ ही ठेकेदार को निर्देश दिए गए कि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या सामान दिखने पर इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। यात्रियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई। उन्होंने बताया कि अंबाला मुख्यालय से सभी जीआरपी थाना व चौकी प्रभारियों को रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं।
डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर की नहीं व्यवस्था
सोनीपत स्टेशन से रोजाना करीब 40 हजार यात्री दिल्ली व अंबाला की ओर आवागमन करते हैं। स्टेशन पर सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) स्थापित नहीं है। भवन निर्माण के कारण स्टेशन के प्रवेश द्वार पर लगे डिटेक्टर को हटा दिया गया था। अब स्टेशन परिसर में आने-जाने के लिए यात्री तीन मार्गों से आवागमन कर रहे हैं।