रोहतक/महम। हिसार रोड पर खरकड़ा गांव के नजदीक नहर में मिला शव सोनीपत के गोहाना निवासी टैक्सी चालक हनीसिंह का था, जो परिवार सहित हिसार कैंट में रह रहा था। राजस्थान के दो युवकों ने पलवल की युवती के साथ साजिश के तहत उसकी टैक्सी 11 अगस्त की शाम को दिल्ली एयरपोर्ट के लिए किराये पर ली थी। महम से पहले पेशाब करने के बहाने गाड़ी रुकवाई और गला घोंटकर हत्या कर दी।
इसके बाद खरकड़ा के पास नहर में शव फेंककर फरार हो गए। महम पुलिस ने राजस्थान के झुंझुनू जिले के गांव चुडीना निवासी अक्षय, पलवल के कैलाश नगर निवासी कविता व राजस्थान के अलवर जिले के गांव नागल निवासी मयंक उर्फ मुलायम को गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
महम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि दो दिन पहले खरकड़ा के पास नहर में 32 वर्षीय युवक का शव मिला था, जिसकी शनाख्त सोनीपत के गोहाना निवासी हनीसिंह के तौर पर हुई। पता चला कि हनीसिंह पेशे से टैक्सी चालक है और हिसार कैंट में परिवार सहित रह रहा था। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और हिसार में टैक्सी स्टैंड पर पहुंची। वहां पता चला कि एक महिला व दो युवक हनीसिंह की टैक्सी दिल्ली एयरपोर्ट के लिए किराये पर लेकर गए थे। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल नंबर का रिकॉर्ड खंगाला और यह गुत्थी सुलझा ली।
........
यूं रची हत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पता चला कि अलवर निवासी मयंक करीब दो महीने से हिसार में अपने दोस्त के घर रह रहा है। उसकी गुरुग्राम में टैक्सी चलाने वाले राजस्थान निवासी अक्षय से दोस्ती थी, जबकि पलवल निवासी कविता अक्षय की महिला मित्र है। तीनों ने टैक्सी लूटने की साजिश रची। इसके लिए अक्षय व कविता हिसार पहुंचे। इसके बाद मयंक के साथ टैक्सी स्टैंड पहुंचकर दिल्ली के लिए टैक्सी बुक की। 11 अगस्त की शाम को हिसार से दिल्ली के लिए रवाना हुए। इसी बीच महम से पहले ही पेशाब करने के बहाने हनीसिंह से टैक्सी रुकवा ली। इसके बाद परने से टैक्सी चालक का गला घोंट दिया। इसके बाद शव को गाड़ी की डिग्गी में रखा और दिल्ली के लिए चल पड़े। रास्ते में खरकड़ा के पास नहर में शव फेंककर फरार हो गए।