रोहतक। शहर में झपटमारी की वारदात बढ़ने लगी हैं। दो दिन में चार वारदात हो चुकी हैं। विजय नगर में बाइक सवार तीन युवक एक युवती का पर्स छीनकर ले गए। पर्स में नकदी, जेवरात व महत्वपूर्ण कागजात थे। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक विजय नगर निवासी तपस्या ने दी शिकायत में बताया कि वीरवार रात करीब 9 बजकर 25 मिनट पर घर लौट रही थी। घर के नजदीक गली में पहुंची तो पीछे से बाइक पर तीन युवक आए। नजदीक आने पर पीछे बैठे एक युवक ने झपटा मारकर उसका पर्स छीन लिया। उसने शोर मचाया, लेकिन झपटमार फरार होने में कामयाब रहे। पर्स में 6500 रुपये की नकदी, एक जोड़ी बाली, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिवाजी कॉलोनी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया।
2 दिन पहले सेक्टर 1 और 3 में हुई थी वारदात
शहर में 2 दिन पहले ही स्कूटी सवार युवक सेक्टर 1 में महिला प्राचार्य व सेक्टर 3 में पूर्व एडीए की पत्नी की चेन झपट कर ले गया था। अब तक आरोपी का सुराग नहीं लग सका है।
मंदिर में झपटमारी के आरोप में तीन महिलाएं गिरफ्तार
उधर, सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश सैनी ने बताया कि देव कालोनी निवासी राकेश ने बुधवार को शिकायत दी थी कि वह शीतला माता मंदिर में बुधवार को परिवार सहित दर्शन करने आया था। भीड़ ज्यादा होने के कारण किसी ने उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली और थैली से पर्स चोरी कर लिया। पर्स में 500 रुपये की नकदी व अन्य कागजात थे। गौकर्ण चौकी प्रभारी पवनवीर ने कार्रवाई करते हुए महिला टीम की मदद से झपटमारी के आरोप में फरीदाबाद निवासी सुनीता, रेश्मा व अलवर निवासी कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपी स्नैचिंग की वारदातों में पहले भी गिरफ्तार हो चुकी है।