पीजीआई में भर्ती घायल साहिल। संवाद
बरात में एक साल पहले हुई कहासुनी के चलते गरनावठी के छात्र साहिल (20) को दो युवकों ने गोली मार दी। साहिल रोहतक स्थित कोचिंग सेंटर से घर लौट रहा था। वारदात गांव से पहले मोड़ पर हुई। घायल को पीजीआई में दाखिल करवाया गया। कलानौर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, साहिल एक साल पहले बरात में गया हुआ था, जहां उसकी गांव के दो युवकों से कहासुनी हो गई थी। तभी से उनके बीच खींचतान चल रही थी। बुधवार को साहिल रोहतक स्थित कोचिंग सेंटर पर आया था। क्लास लगने के बाद दोपहर बाद बाइक पर लौट रहा था। आरोप है कि दोनों युवकों ने रास्ते में गांव से पहले बाइक के आगे बाइक अड़ाकर साहिल का रास्ता रोक लिया। कहासुनी के चलते एक युवक ने उसके पैर में जांघ के पास गोली मार दी। साथ ही धमकी देकर मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने उसे तत्काल पीजीआई में दाखिल करवाया। मामले की सूचना पाकर कलानौर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए।