रोहतक। कलानौर में वेल्डिंग की दुकान से लोहे का सामान चोरी के आरोप में दुकानदारों ने भिवानी जिले के गांव पालूवास के तीन व झज्जर के दुबलधन माजरा के एक युवक को काबू कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक कलानौर निवासी सुनील ने दी शिकायत में बताया कि उसने वेल्डिंग की दुकान कर रखी है। रविवार को साढ़े 3 बजे दुकान पर गया तो दुकान से दो एक्सल व एक ट्यूबवेल का पंखा चोरी मिला। उसने अपने तौर पर पता किया तो एक पेट्रोल पंप के पास चार युवक मिले, जो उसकी दुकान के सामान को ऑटो में रखकर ले जा रहे थे। पूछने पर युवकों ने अपना परिचय भिवानी जिले के गांव पालूवास निवासी विकास, आजाद व सन्नी और चौथे ने झज्जर जिले के गांव दुबलधन निवासी अमन के तौर पर परिचय दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद दुकानदारों ने आरोपियों को सामान सहित पुलिस के हवाले कर दिया। अब पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।