कांग्रेस सरकार की गलत नीति की वजह से साल 2010 में भर्ती हुए और बाद में कोर्ट द्वारा हटाए गए पीटीआई टीचर्स के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुज्जर से मुलाकात की। पूर्व मंत्री ग्रोवर ने शिक्षा मंत्री के समक्ष पूरे मामले को रखा। उन्होंने शिक्षा मंत्री को बताया कि सभी की आयु 35 से पार हैं और परिवारों का लालन पोषण मुश्किल हो रहा है, इसलिए इनका भी हल निकाला जाए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पूरा मामला संज्ञान में है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा हटाए गए पीटीआई टीचर की दोबारा प्रवेश परीक्षा ली गई थी, उस परीक्षा में कोर्ट के आदेशानुसार जो सफल हुए, उन्हें नौकरी पर रख लिया गया है। बाकी पीटीआई टीचर को लेकर भी सरकार सकारात्मक है और पूरी तरह गंभीर है। आने वाले दिनों में इसका समाधान किया जाएगा। सभी टीचर ने शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि चंडीगढ़ गई पीटीआई टीचर की नई कमेटी ने पिछले दिनों रोहतक में पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर को ज्ञापन सौंपा था। तब पूर्व मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया था कि प्रदेश के शिक्षा मंत्री और उन अधिकारियों के साथ उनकी मीटिंग करवाई जाएगी, उनकी हर संभव मदद होगी। मंगलवार को नई कमेटी के पदाधिकारियों ने शिक्षा मंत्री के समक्ष अपनी पूरी बात रखी। इस मौके पर महावीर सैनी, सतवीर सैनी, राजेश सैनी, सुरेश यादव, विनोद कौशिक, अजय स्वामी, वीना मलिक, राजेश कुमार, पूनम देवी, सिकंदर सैनी, धर्मवीर, रमन कुमार सहित अनेक टीचर मौजूद रहे।