रोहतक। जिले में बढ़ती गर्मी के साथ आग लगने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। शनिवार को जिले में आठ जगह आग लगी। रेलवे रोड पर जहां शार्ट सर्किट से भड़की चिंगारी से तीन दुकानें जल गई, जबकि खेड़ी साध के पास 25 एकड़ गेहूं की फसल जल गई। टिटौली, भैणी सुरजन, गोहाना रोड पर हनुमान मंदिर के पीछे व महम में बड़ाली रोड पर भी खेतों में आ लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक इधर से उधर दौड़ती रही।
दुकान के बाहर शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी, तीन दुकानों में फैली
रेलवे रोड पर बीच बाजार में करीब पौने चार बजे एक वाच हाउस के ऊपर से गुजर रहे तारों में स्पार्किंग हो गई। इससे निकली चिंगारी दुकान के अंदर आ गिरी और दुकान में आग लग गई। दुकान में दीवार घड़ी व हाथ पर बांधने वाली दूसरी घड़ियां रखी थी। आग लगने से घड़ियों में धमाका हो गया, जिससे चिंगारी करीब 15 फीट ऊंची तक गई। इसके बाद आग साथ लगती दोनों आभूषण की दुकानों में फैल गई। बाजार में भगदड़ मच गई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। उधर, रेलवे रोड के व्यापारी किताब घर के मालिक प्रवीण ने बताया कि फायर ब्रिगेड ने समय पर आकर आग पर काबू पाया, नहीं तो उनकी दुकानों तक भी आग पहुंच सकती थी।
रविवार को तय थी पार्टी, आठ दिन पहले खोली थी दुकान
आभूषण व्यापारी सर्कुलर रोड निवासी विकास मल्होत्रा ने बताया कि आठ दिन पहले की उसने दुकान खोली थी, जिसका उद्घाटन हो चुका है। पार्टी रविवार को होनी थी। इससे पहले ही शनिवार को हादसा हो गया। जीएसटी नंबर भी दो दिन पहले आया था, जिसका पूरी तरह पंजीकरण भी नहीं हो सका है। उसके 25 से 30 लाख के करीब के सोने के जेवरात नष्ट हो गए। वहीं, तीसरी दुकान का आगे हिस्सा जला है। आग पर काबू पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी रवाना हुई। इसके बाद शाम पांच बजे बाजार में जाम लग गया।
खेड़ी साध में 25 एकड़ फसल जली
उधर, खेड़ी साध गांव के पास करीब ढाई बजे निजी अस्पताल के नजदीक गेहूं के खेतों में आग लग गई। सूचना पाकर सेक्टर पांच से तीन गाड़ी मौके पर पहुंची। प्रचंड गर्मी के चलते आग भड़कती चली गई, जिसकी चपेट में आने से 25 एकड़ फसल जलकर नष्ट हो गई। इसमें गेहूं के फाने भी शामिल हैं। इसके अलावा गोहाना रोड पर हनुमान मंदिर के पीछे झाड़ियों आग लग गई। साथ ही महम के भैणी सुरजन में 10 से 12 एकड़, सुनारिया के पास दो एकड़ में फाने जल गए। इसके अलावा टिटौली, महम के बड़ाली रोड पर भी गेहूं की फसल में आग लगी।