संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। झज्जर के गांव गोरिया में शनिवार की सुबह खेत में काम करते समय बिजली के खुले तार के संपर्क में आने से करंट लगने से किसान जितेंद्र कुमार (40) निवासी गांव मुमताजपुर, रेवाड़ी की मौत हो गई। मृतक के भाई हरीश ने बिजली निगम के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उन्होंनेविभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जितेंद्र गांव गोरिया स्थित खेत में पानी देने के बाद साफ-सफाई का कार्य कर रहे थे। इसी बीच वह जमीन पर पड़े बिजली के खुले तार के संपर्क में आ गए। तार में करंट दौड़ने के कारण वह करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए। कुछ ही मिनटों में जितेंद्र ने दम तोड़ दिया।
आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसानों को जब जानकारी हुई तो उन्होंने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर नाहड़ चौकी पुलिस भी पहुंची। नाहड़ चौकी प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि जांच में पता चला है कि किसान जितेंद्र की मौत खेत में पड़े बिजली के तार के संपर्क में आने से करंट लगने से हुई है।