संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। जाट सेवा संघ ने चौधरी छोटूराम धाम जसिया में सम्मान दिवस समारोह मनाया। हवन के साथ शुरु हुए कार्यक्रम में आरक्षण आंदोलन में जान गंवाने वाले 16 जवानों के परिवारों को सम्मानित किया गया। यहां सभी ने आरक्षण आंदोलन के जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर आयोजित शिविर में 100 लोगों ने रक्तदान किया।
संघ के महासचिव महेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि चौधरी छोटूराम धाम जसिया समाज की आस्था, शिक्षा एवं सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। यहां किसी भी तरह की राजनीति या भेदभाव गलत है। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए गए।
हरज्ञान मलिक को राष्ट्रीय अध्यक्ष, कैप्टन भूपेंद्र जागलान को प्रदेश अध्यक्ष, कैप्टन रामकरण दलाल प्रदेश महासचिव, कैथल से शमशेर सिंह रवीश एवं हिसार से सतीश चेयरमैन को राष्ट्रीय महासचिव, सतवीर सिंह सिंधु को प्रदेश महासचिव, वीरेंद्र पहल को प्रदेश सचिव, चिंटू छारा को प्रदेश प्रवक्ता व नरेंद्र सिंह हुड्डा को सीईओ के रूप में शपथ दिलाई गई।
संघ के आईटी प्रभारी डॉ. धर्मवीर राठी, सुमित मकड़ौली, कुंडू खाप प्रधान जयवीर कुंडू, मेवा सिंह, नरेंद्र सिंह हुड्डा मुख्य रूप से मौजूद रहे।
7 मार्च को धाम में होगी महापंचायत
चौधरी छोटूराम धाम के संविधान से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श करने के लिए 7 मार्च को धाम में महापंचायत आयोजित की जाएगी। जाट सेवा संघ के चेयरमैन एडवोकेट रणधीर सिंह ने धाम के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बैठक धाम पर नहीं हुई जिसमें गंगाराम श्योराण को चेयरमैन बनाया गया हो। नोलथा में समाज के कुछ लोग एकजुट हुए थे। महासचिव विंग कमांडर महेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि धाम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का कोर्स संचालित किया जा रहा है। इसमें इच्छुक विद्यार्थी प्रवेश लेकर आधुनिक तकनीकी क्षेत्र से जुड़ सकते हैं।