पीजीआई के नेत्र रोग विभाग में आंख दिखाने पहुंचे मरीज अपनी बारी का इंतजार करते हुए। अमर उजाला
- फोटो : RohtakCity
इस समय तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पर बना हुआ है। गर्म हवाएं आंखों को जला रही हैं। इस कारण आंखों में लाली छाने, जलन, खारिश व दर्द की शिकायतें आ रही हैं। पीजीआई की ओपीडी में आ रहे मरीजों की भीड़ भी कुछ ऐसा ही बया कर रही हैं। नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में 30 प्रतिशत मरीज आंखों में एलर्जी के आ रहे हैं। ओपीडी में करीब 20 प्रतिशत बच्चे भी आ रहे हैं। इन्हें ठंडे पानी से आंखें धोने व धूप में निकलते समय चश्मा लगाकर सुरक्षित रखने की सलाह दी जा रही है।
पीजीआई के नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में इन दिनों मरीजों की खासी भीड़ है। यहां रोजाना 500 से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें से करीब 30 प्रतिशत मरीज आंखों में एलर्जी के होते हैं। गर्मी के मौसम में आंखें लाल रहने, जलन, दर्द, खारिश होने की शिकायत आम हो गई है। रबी सीजन की फसल कटाई के चलते बढ़ा प्रदूषण इन समस्याओं की वजह बताया जा रहा है। इस कारण एलर्जी की शिकायत बढ़ रही है। यही नहीं, बच्चे भी इस मौसम में बड़ी संख्या में आंखों में जलन, दर्द, पानी आना, खारिश, सूखापन की शिकायत से परेशान हैं। ओपीडी में ऐसे करीब 20 प्रतिशत बच्चे आ रहे हैं।
आंखें नहीं खोल पा रहे बच्चे
तेज धूप व एलर्जी के चलते बच्चे आंखें नहीं खोल पा रहे हैं। वे नीचे देखकर व झुककर चलने के लिए विवश हैं। तीखी धूप में आंखें नहीं खुल पा रही हैं। ऐसे में घर से बाहर निकलने पर उनके लिए काला चश्मा प्रयोग करना बेहतर है।
यूं रखें आंखों का ख्याल
गर्मी और एलर्जी के कारण आंखों की तकलीफ बढ़ गई है। इस स्थिति से बचने के लिए इलाज समय पर लें। थैरेपी के साथ दवा भी लें। आंखों को ठंडे पानी से धोएं। बर्फ से सिकाई करें। कंप्यूटर, मोबाइल से दूरी बनाकर रखें। कंप्यूटर पर लंबे समय तक काम करते समय बीच-बीच में स्क्रीन से नजर हटाकर इधर-उधर देखें। दूर देखें। अल्ट्रावायलेट प्रोटेक्टेड चश्मा पहनें। ठंडे पेय पदार्थ लें। दवा डॉक्टर की सलाह पर ही लें। स्टरायड का प्रयोग न करें। डॉ. सुमति सचदेवा, नेत्र रोग विशेषज्ञ, पीजीआई।