रोहतक के 6 फुट 9 इंच लंबे 140 किलो के राजू पहलवान से फिल्म सुल्तान में कुश्ती लड़े हैं सलमान
- फोटो : amar ujala
सुल्तान फिल्म में शूटिंग के दौरान कुश्ती लड़ने के संबंध में विवादित बयान देने के बाद अभिनेता सलमान खान जहां आलोचना झेल रहे हैं, वहीं उनसे फिल्म में कुश्ती लड़ने वाले लंबे-चौड़े पहलवान का कहना है कि शूटिंग के दौरान उनसे कुश्ती लड़ने के बाद अभिनेता की हालत वाकई खराब हो जाती थी। पहलवान का कहना है कि उनसे कुश्ती लड़ने के बाद कई बार सलमान खान की ऐसी हालत हो जाती थी कि उन्हें सहारा देकर अखाड़े से बाहर लेकर जाना पड़ता था। कई बार अभिनेता की मांस पेशियां तक खिंच गईं। लेकिन वह अपनी बात किसी दूसरी तरह का उदाहरण देकर भी बता सकते थे। इस तरह किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचानी चाहिए।
रोहतक के मेहर सिंह अखाड़े में प्रैक्टिस करने वाले राजू पहलवान की लंबाई 6 फुट 9 इंच है। राजू का वजन 140 किलोग्राम है। राजू हरियाणा के सबसे लंबे पहलवानों में शामिल हैं। उनकी लंबाई और शरीर को देखकर ही फिल्म सुल्तान में सलमान से कुश्ती लड़ने के लिए चुना गया। फरवरी महीने में फिल्म से जुड़े कुछ लोग मुंबई से रोहतक अखाड़े में पहलवानों को देखने आये थे। उन्होंने राजू पहलवान को देखते ही सलमान के साथ कुश्ती लड़ने के लिए चुन लिया था। राजू को मार्च में मुंबई के गोरेगांव बुलाया गया, जहां सात अन्य पहलवान थे। सलमान ने हरियाणा केसरी बनने के लिए सभी से कुश्ती लड़ी, लेकिन राजू के साथ कुश्ती लड़ने में सलमान की हालत सबसे ज्यादा खराब हुई। राजू बताते हैं कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके साथ सलमान ने कई राउंड कुश्ती लड़ी। इस दौरान कई बार उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। शूटिंग के दौरान ऐसे भी मौके आए जब सलमान को सहारा देकर अखाड़े से बाहर लेकर जाना पड़ा। इसके बाद मालिश करके उन्हें फिर से अखाड़े में उतारा गया। राजू कहते हैं कि रोजाना प्रैक्टिस करने वाला पहलवान भी कुछ दिन कुश्ती से दूर रहे और उसके बाद अखाड़े में उतरे तो उसका भी शरीर दर्द करता है। सलमान खान तो पहली बार कुश्ती लड़ रहे थे। वह भी मुझ जैसे 140 किलो वजनी और साढ़े छह फुट लंबे पहलवान को पटखनी देनी पड़ जाए तो वह आसान नहीं होती। शूटिंग के दौरान वाकई उनकी हालत बहुत खराब हो जाती थी।