संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। आउटसोर्स पॉलिसी पार्ट-2 एसोसिएशन ने 10 से 15 साल से विभिन्न विभागों में कार्यरत पार्ट-2 कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर रविवार को पंडित श्रीराम शर्मा पार्क में प्रदर्शन किया। एसोसिएशन ने सरकार को मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन और हड़ताल की चेतावनी दी।
एसोसिएशन प्रधान संदीप देशवाल ने कहा कि कर्मचारी विज्ञापन और सभी निर्धारित मापदंड पूरे कर नौकरी कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट भी ऐसे कर्मचारियों को पक्का करने के आदेश दे चुके हैं लेकिन सरकार ने अब तक कोई फैसला नहीं लिया। उन्होंने कहा कि मांग नहीं मानी गई तो कर्मचारी सड़कों पर उतरने और हड़ताल से पीछे नहीं हटेंगे।
आईटीआई राज्य प्रधान अमित ढिल्लो ने कहा कि 2024 में करनाल में 15 दिन आंदोलन हुआ था। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी से 15 मिनट की बैठक हुई थी। मुख्यमंत्री ने मीडिया के माध्यम से कर्मचारियों को पक्का करने और सरकार बनने पर बैठक कर जायज मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
बैठक में हायर एजुकेशन राज कुमार, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र दहिया, सचिव योगेश चंद्र, नवीन, अश्वनी, दीपक, आनंद, गुलशन, दर्शन हुड्डा और रंजना मौजूद रहे।