रोहित राठौर
रोहतक। रोडवेज डिपो ने यात्रियों को सस्ती और प्रदूषण मुक्त यात्रा के लिए रोहतक से जींद तक इलेक्ट्रिक बसें चलाने का फैसला लिया है। शुक्रवार को इस रूट पर बस का ट्रायल सफल रहा। बस ने रोहतक बस स्टैंड से जींद तक 65 किलोमीटर की दूरी तय की। इस पूरे सफर का किराया करीब 120 रुपये रहने की संभावना है।
अधिकारियों ने बस की बैटरी बैकअप क्षमता, चार्जिंग व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। संस्थान प्रबंधक हंसराज ने बताया कि इस रूट पर मुख्य रूप से लाखनमाजरा, जुलाना, गतौली, किनाना और जींद में प्रमुख स्टॉपेज रहेंगे।
इसके अलावा यात्रियों की मांग के अनुसार मुख्य चौक और संपर्क मार्गों पर भी बस का ठहराव किया जाएगा। बस ट्रायल के दौरान निरीक्षक भगवान देव, उप निरीक्षक सुमेश कुंडू और जेबीएम कंपनी के प्रतिनिधि सन्नी भी मौजूद रहे।
50 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने की उम्मीद, चार्जिंग स्टेशन का काम तेज
रोडवेज कर्मशाला प्रबंधक सुरेंद्र सिवाच ने बताया कि डिपो को 50 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने वाली हैं। इन बसों के आते ही रोहतक से जींद के अलावा अन्य जिलों के लिए भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चार्जिंग स्टेशन का काम भी तेजी से किया जा रहा है, जिसके 28 सितंबर तक पूरा होने की संभावना है।