प्रदेश में चुनाव का सिलसिला थमता नहीं दिख रहा है। पंचायत चुनाव से निपटे अधिकारी नगर निकाय के चुनाव में जुट गए हैं। निकाय चुनाव के बाद उन्हें पंचायत चुनाव करवाने हैं, क्योेंकि प्रदेश में कई जगहों पर ब्लाक समिति सदस्यों, सरपंचों और पंचों के पद खाली हैं। इस संबंध में राज्य चुनाव आयोग की ओर से सभी जिलों के डीसी से जानकारी मांगी गई है। साथ ही चुनाव की तैयारी करने के लिए भी कहा गया है।
प्रदेश में जनवरी माह में पंचायत चुनाव हुए थे, लेकिन इस दौरान कई पद खाली रह गए। सबसे ज्यादा पंचों के पद खाली हैं, जिनकी संख्या 4350 है। इसी तरह 40 से ज्यादा ब्लाक समिति सदस्यों के पद खाली हैं, जबकि 11 सरपंचों के पद खाली हैं। इन पदों के खाली रहने की मुख्य वजह यह बताई जा रही है कि सरकार की नई शर्तों के अनुसार यहां इन पदों के लिए कोई दावेदार सामने नहीं आया था। सरकार की शैक्षिक योग्यता, सहकारी बैंक और बिजली बिल बकाया नहीं होने की शर्त के कारण चुनाव लड़ने की तैयारी करने वालों का सपना टूट गया था। अब इन खाली पदों के लिए फिर से पंचायत चुनाव कराने की तैयारी है।
चुनाव आयोग की ओर से सभी जिलों के डीसी से खाली पदों के बारे में जानकारी मांगी गई है। यही नहीं, नगर निकाय के चुनाव के बाद पंचायत चुनाव कराने के लिए भी कहा गया है। माना जा रहा है कि जून के आखिर या जुलाई माह के शुरूआत में खाली पदों के लिए पंचायत चुनाव हो सकते हैं।