महम(रोहतक)। सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट कोबरा कमांडो टीम में शामिल मोखरा के आजाद सिंह के बेटे अजय मलिक के बाएं पैर की मंगलवार को सर्जरी हुई। एम्स के डॉक्टरों को सर्जरी कर टखने के पास से उनका पैर काटना पड़ा।
असिस्टेंट कमांडेंट के चचेरे भाई सतीश मलिक ने बताया कि अजय का बायां पैर लैंड माइन से छू गया था। इस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका एम्स दिल्ली में उपचार चल रहा है।
गंभीर रूप से घायल बाएं पैर को घुटने से 11 इंच नीचे टखने के पास से काटना पड़ा। अजय मलिक की हालत अब ठीक है। घाव ठीक होने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद कृत्रिम पैर लगाने की प्रक्रिया अम्ल में लाई जाएगी।
बता दें कि खंड के गांव मोखरा निवासी सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट अजय मलिक के नेतृत्व में सीआरपीएफ की टुकड़ी झारखंड के सिंहभूम जिले के सारंडा स्थित मरांग पोंगा वन क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान नक्सलियों को घेर लिया गया। इस धर पकड़ में नक्सलियों के दबाए गए लैंड माइन पर अजय मलिक का बायां पैर छू गया।