न्यू चिन्योट कॉलोनी में पीजीआई से खरीदी जमीन का सीमांकन करती नगर निगम की टीम। अमर उजाला
रोहतक। नगर निगम ने न्यू चिन्योट कॉलोनी में पीजीआई से खरीदी 7200 वर्ग गज जमीन का शुक्रवार को सीमांकन (डिमार्केशन) किया। 14 मार्च को सीवर व पेयजल लाइन बिछाने, खंभे लगाने और सड़क बनाने का काम शुरू होगा। इसका शिलान्यास भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मनीष कर सकते हैं।
नगर निगम एलिवेटेड रेल ट्रैक के बराबर सर्विस रोड बनाएगा, जो डबल फाटक से बजरंग भवन फाटक तक बनेगा। इस रोड की जद में 58 दुकान और 73 मकान आ रहे हैं। दुकानदारों को विस्थापित करने के लिए पावर हाउस चौक पर निगम ने दुकानों का निर्माण कर दिया है। अब 73 मकान में रहने वाले परिवारों को न्यू चिन्योट कॉलोनी में पीजीआई से खरीदी जमीन पर विस्थापित किया जाएगा। न्यू चिन्योट कॉलोनी में जमीन की रजिस्ट्री करने से पहले निगम वहां पर सीवर, पेयजल, प्रकाश और सड़क बनाएगा ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। इसके बाद निगम दुकान और मकानों को अधिग्रहण करेगा ताकि ध्वस्तीकरण करके सड़क बनाई जा सके। न्यू चिन्योट कॉलोनी में सुविधाएं मुहैया कराने के लिए निगम ने 30 लाख रुपये का टेंडर उठा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि 14 मार्च दिन सोमवार की शाम को विधिवत तरीके से काम शुरू होगा। शुक्रवार की सीमांकन का काम किया गया है।
पीजीआई से ली जमीन पर ये होंगे काम
- 800 फुट 12 इंच की सीवर लाइन बिछेगी
- 800 फुट छह इंच की पेयजल लाइन होगी
- 800 फुट पक्की सड़क बनाई जाएगी
- रोशनी के लिए 16 बिजली के खंभे लगेंगे
वर्जन -
पीजीआई से 73 मकानों के लिए खरीदी 7200 वर्ग फुट जमीन पर सीमांकन का काम कर लिया गया है। 14 मार्च से सीवर व पेयजल लाइन बिछाने, सड़क बनाने व खंभे लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
- मनजीत दहिया, अधिशासी अभियंता हैंड क्वार्टर नगर निगम