ऑल सेक्टर्स रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने सोमवार को सेक्टर की समस्याओं से निजात दिलाने की मांग को लेकर उपायुक्त और निगम आयुक्त से मुलाकात की। पदाधिकारियों ने कहा सेक्टरों को अमरुत योजना में शामिल करें ताकि टूटी या बंद पानी व सीवर की लाइनें बदली जा सकें। सीवर की तत्काल सफाई कराई जाए ताकि बारिश में जलभराव से राहत मिले।
ज्ञापन सौंपते हुए पदाधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-1, 2, 3, 4, और सेक्टर-14 को करीब 35 साल हो गए हैं। इनको अमरुत योजना में शामिल किया जाए, ताकि पानी, सीवर व बरसाती पानी निकासी की समस्या से राहत मिले सके। सेक्टर-2, 3, 4, सेक्टर-चार एक्सटेंशन, सेक्टर-5, 6, 34, 35, 36, 36ए व 37 में सीवर निकासी की सुचारू व्यवस्था नहीं है। नई योजना के तहत प्रबंध किया जाए। सेक्टरों के सीवर की तुरंत सफाई कराई जाए ताकि बरसात में समस्या पैदा न हो। पीने के पानी की सप्लाई सुचारू की जाए। पानी सप्लाई का समय तय किया जाए। पानी सप्लाई के समय बिजली के कट नहीं लगे, क्योंकि बिना मोटर पानी दूसरी व तीसरी मंजिल पर नहीं पहुंचता है। रेन वाटर लाइनें टूटी हैं, जिससे गंदा पानी प्लांटों में भरा रहता है। हर रोज चोरी, छीनाझपटी व अन्य आपराधिक वारदात होती हैं। इसलिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। रोड टूटे हुए हैं जिनसे दुर्घटनाएं होती हैं। बरसात से पहले इनको दुरुस्त कराया जाए। पार्कों का रखरखाव दुरुस्त किया जाए। बस स्टैंड से सेक्टर-छह, सेक्टर-पांच, सेक्टर-35, सेक्टर-36, सेक्टर-चार एक्सटेंशन, सेक्टर-34 होते हुए पीजीआई तक लोकल बस चलाई जाए। इस रूट पर ऑटो नहीं चलते हैं, जिससे लोगों का समस्या का सामना करना पड़ता है। सेक्टर-34, सेक्टर-35, सेक्टर-36 व सेक्टर-36ए में 14 रुपये से 25 रुपये किलोलीटर (1000 लीटर) पानी मिलता है, जिसके रेट कम किए जाएं। सेक्टरों में बंदरों व आवारा पशुओं का खौफ है, जिनसे मुक्ति दिलाई जाए। सेक्टर-दो व सेक्टर-पांच का कम्यूनिटी सेंटर निजी तौर पर किराये पर दिया है और मनमानी किराया वसूला जाता है। इनका किराया सेक्टर-एक व सेक्टर-तीन के कम्यूनिटी सेंटर के बराबर किया जाए। बोहर नहर से वीटा बूथ सर्किल पानीपत रोड की सड़क बनवाई जाए। एनएचवीपीएन की एंहान्समेंट की री-कैलकुरेशन कर खातों में अपडेट कराया जाए। कुछ सेक्टरों में बिना अनुमति गेट लगे हैं, उन्हें हटवाया जाए। विभागीय अनुमति से लगे गेटों को सुबह छह से रात दस बजे तक खोलने की व्यवस्था की जाए।
मांगपत्र देने वालों में सेक्टर-एक से कदम सिंह अहलावत व पवन आहूजा, सेक्टर-तीन से सुखबीर हुड्डा, सेक्टर-चार से जगत सिंह गिल, सेक्टर-पांच से अमित ढुल, सेक्टर-छह से रमेश खासा व जसमेर सिंह, सेक्टर 35 व 36 से रमेश अहलावत जगत व सिंह देशवाल, सेक्टर-14 से संतलाल बुधवार, सेक्टर-चार एक्सटेंशन से सुखबीर माथुर, धर्मवीर राठी, कपूर सिंह नैन आदि मौजूद रहे।