रोहतक। नगर निगम आयुक्त डाॅ. ब्रह्मजीत रांगी का कहना है कि बेहतर स्वास्थ्य व पर्यावरण के लिए स्वच्छता व सफाई बेहद जरूरी है। ऐसे में आसपास के क्षेत्र में सफाई रखें। आयुक्त रविवार को हरियाणा पर्यटन निगम की 50वीं वर्षगांठ पर तिलियार पर्यटन केंद्र पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
तिलयार पर्यटन केंद्र के प्रबंधक नरेंद्र राणा ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में हरियाणवी ग्रुप की ओर से मनोहर प्रस्तुति दी गई। स्कूलों से आए बच्चों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। निगम आयुक्त ने स्कूली बच्चों, पर्यटकों एवं तिलियार स्टाफ के साथ पर्यटन केंद्र के प्रांगण में पौधरोपण भी किया। मौके पर तिलियार पर्यटन केंद्र पर आए हुए पर्यटकों ने व्यंजनों का आनंद लिया। साथ ही तिलियार पर्यटन केंद्र पर सफाई अभियान भी चलाया गया। इसमें गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स, तिलयार पर्यटन केंद्र के कर्मचारी और पर्यटकों ने भी योगदान दिया। इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी भी मौजूद रहे।