जिस बहू को घर की लक्ष्मी समझकर लाए थे, उसी ने धोखे की धूल आंखों में डाल दी और लाखों की नकदी और जेवरात लेकर भाग गई। अपनी बहू के इस धोखे से हैरान परिजन अब लोक-लाज के डर से कुछ भी कहने से बच रहे हैं, लेकिन पुलिस में मामला जरूर दर्ज करा लिया है।
अर्बन स्टेट पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार सेक्टर एक निवासी महेश (परिवर्तित नाम) ने पुलिस को बताया है कि मेरे भाई राजू की पत्नी लता मंगलवार रात को 28 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवर लेकर भाग गई। सुरेश की बैट्री के लेड बनाने की फैक्टरी है। लता की तलाश के बाद बुधवार देर रात मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि घर में यह पैसा प्लाट खरीदने के लिए रखा गया था।
ढाई वर्ष पहले ही की थी शादी
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि ढाई वर्ष पहले ही राजू और भिवाड़ी निवासी लता की शादी हुई थी। इस शादी में करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए गए थे। चर्चा तो ये भी है कि राजू का काफी वक्त पहले एक्सीडेंट हुआ था। इसके बाद से उसके हाथ पैर ठीक से काम नहीं करते हैं। ऐसी ही स्थिति में उसकी शादी हुई थी। संभवत: इसी वजह से वह नाखुश थी और मौका देखकर फरार हो गई।
बहू ने अपनी मां को किया फोन तो हुआ खुलासा
लता ने बुधवार रात अपनी मां को फोन किया। उसने पैसा लेकर गुड़गांव पहुंच जाने और एक स्विफ्ट कार भी खरीदने की बात कही। हालांकि इसका फिलहाल कोई प्रामाणिक तथ्य सामने नहीं आया है। लेकिन जांच में इसे शामिल किया गया है। अर्बन एस्टेट थाना के एसएचओ सुभाष का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है।