हरियाणा के रोहतक जिले के महम चौबीसी के गांव सैमाण में शुक्रवार को खेत में एक 48 वर्षीय महिला रोशनी की कस्सी से वार कर हत्या कर दी गई। महिला पर 20 से ज्यादा बार कस्सी से वार किया गया है। पुलिस को शक उसके 50 वर्षीय पति बलवंत सिंह पर है, जिसे जहरीला पदार्थ खाने के चलते महम के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। देर रात पुलिस ने शव को पीजीआई के डेड हाउस में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया, जबकि बलवंत की हालत खतरे से बाहर है। अब पुलिस शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई करेगी। अभी किसी तरह का मामला दर्ज नहीं हुआ है।
एएसपी हेमंत कुमार मीणा ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि सैमाण गांव में एक महिला की खेत में कस्सी से वार कर हत्या कर दी गई है। शव खेत में पड़ा हुआ है। एएसपी व महम थाना पुलिस एफएसएल एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की।
महम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बलवंत उर्फ बाली साझे का खेत लेकर खेतीबाड़ी का काम करता है। शुक्रवार को अपनी पत्नी रोशनी के साथ खेत में गेहूं की फसल पर स्प्रे कर रहा था। काम करते वक्त किसी बात को लेकर दोनों में आपस में कहासुनी हो गई। शक है कि इसके चलते उसकी कस्सी से कई वार करके हत्या कर दी।
सीआरपीएफ की नौकरी छोड़ कर खेती करता है बलवंत
पुलिस को पता चला है कि बलवंत सीआरपीएफ में सेवारत था। किसी कारण से वह कई साल पहले नौकरी छोड़ कर गांव में ही साझे की खेती करता है। उसको तीन बेटी व एक बेटा है। खेत के काम में पत्नी भी हाथ बंटाती थी।
पुलिस को सैमाण गांव में महिला की हत्या की सूचना मिली थी। महिला रोशनी पर कस्सी से वार किए गए हैं। शक उसके पति बलवंत सिंह पर है, लेकिन परिजनों की तरफ से लिखित में शिकायत नहीं मिली है। शनिवार को लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - हेमंत कुमार मीणा, एएसपी महम