आपसी अनबन से तंग आकर गांव भाली आनंदपुर में पत्नी ने अपने सोते हुए पति का रस्सी से फंदा बनाकर गला घोंटकर हत्या कर दी। आधी रात को हुई वारदात से गांव में हड़कंप मच गया। ऐन मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने आरोपी पत्नी को मौके पर दबोच लिया। सदर थाना पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक गांव भाली आनंदपुर निवासी प्रमोद की शादी 7 साल पहले आरती के साथ हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं। शादी के कुछ साल बाद दोनों के बीच अनबन रहने लगी। कई बार दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद को लेकर पंचायत हुई। इसके बाद मामला सुलझा। ग्रामीणों के अनुसार रविवार रात को आरती और प्रमोद के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। करीब आधा घंटे तक दोनों में बहस हुई।
फिर अन्य परिजनों के बीचबचाव से मामला शांत हुआ। पुलिस का कहना है कि रात को प्रमोद अपने कमरे में सोने चला गया। आरोप है कि आरती ने सोते हुए प्रमोद के गले में रस्सी का फंदा लगाकर उसका गला घोंट दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की भनक प्रमोद के दोनों बेटों को लग गई। उन्होंने शोर मचा दिया। तभी मोहल्लेवासी इकट्ठा हो गए और आरती को दबोच लिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरती को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का मानना है कि हत्याकांड में आरती के अलावा अन्य भी शामिल हो सकता है, लेकिन अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस अभी मामले की छानबीन कर रही है।