सीआईए-2 ने स्नेचिंग के मास्टर माइंड इनामी सुनील उर्फ लंगड़ा से स्नेचिंग के चेन को खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार किया है। सोनीपत के गांव भैंसवाल निवासी सुनील उर्फ शीला औने-पौने दामों पर लंगड़ा से झपटमारी की चेन खरीदता था। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस उससे छीनी गई चेन बरामद करने के लिए पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना कि शीला के और भी झपटमारों से संपर्क है।
सीआईए-2 ने 28 जुलाई को दिल्ली और हरियाणा में तीन दर्जन से ज्यादा स्नेचिंग की वारदात कर चुके दिल्ली के बाकनेर निवासी सुनील उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया था। लंगड़ा को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह छीनी हुई चेन को सुनार सुनील उर्फ शीला को बेचता था। इसके बाद सीआईए-2 की टीम ने 29 जुलाई की रात गांव भैंसवाल में छापेमारी कर सुनील को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सुनील उर्फ शीला ने खुलासा किया कि जिस चेन को लंगड़ा छीनता था वह उन्हें बाजार के हिसाब से आधे मूल्य पर खरीदता था। आरोपी की गांव में ही ज्वेलर की दुकान है। आरोपी को यह भी पता होता था कि जो चेन उसे बेची जा रही है वह झपटमारी की है। पुलिस आरोपी की दुकान से महिलाओं से छीनी हुई चेन की बरामदगी करेगी।
--
छीनने वाले से लेकर खरीदने वाले तक पहुंची पुलिस
शहर में पिछले दिनों हुई स्नेचिंग की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सीआईए-2 ने गिरोह में चेन तोड़ने वाले से लेकर उन्हें खरीदने वाले को पकड़ लिया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले काफी समय से दिल्ली और हरियाणा में सक्रिय था। 15 जुलाई को जनता कालोनी की महिला पिंकी के गले से शिवाजी कालोनी में दो बाइक सवारों ने चेन छीनी थी। वारदात का पूरा वाक्या सीसीटीवी फु टेज में कैद हो गया था। इसके बाद एसपी ने आरोपियों की सूचना देने वालोें पर 10 हजार रुपये इनाम की घोषणा की थी। सीआईए 2 ने सीसीटीवी के आधार पर गिरोह का भंडाफोड़ किया।
अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
तीन मुख्य आरोपियों के गिरफ्तार होने के बाद पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों को दबोचने की तैयारी में है। मास्टर माइंड लंगड़ा अपने गुर्गों को 500 रुपये दिहाड़ी देकर स्नेचिंग की करवाता था। इसी संबंध में पुलिस को शक है कि गिरोह से अन्य सदस्य भी जुड़े होंगे। पुलिस ने रिमांड पर लिये गये दोनों आरोपियों से उनके साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।