हरियाणा के रोहतक के किलोई खास गांव में चार नकाबपोश युवक मेवात मेडिकल कॉलेज की नर्स और उसके परिवार को बंधक बनाकर 15 तोले सोना और 5 लाख की नकदी लूटकर ले गए। वारदात शनिवार की देर रात डेढ़ बजे अंजाम दी गई। डीएसपी सांपला राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और छानबीन की। सीआईए प्रथम, द्वितीय के अलावा सदर पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।
मेवात मेडिकल कॉलेज में नर्स एवं किलोई गांव निवासी सीमा हुड्डा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पांच दिन पहले गांव आई थी। पति जयभगवान हुड्डा गुरुग्राम स्थित कंपनी में नौकरी करते हैं। गांव में उनका मकान शिव मंदिर रोड पर है। शनिवार की रात वह अपने बेटे के साथ अंदर वाले कमरे में सो रही थी जबकि सास प्रेमो देवी व ससुर जयसिंह बाहर वाले कमरे में सोए हुए थे।
बोले - शोर किया तो जान से मार देंगे
रात करीब डेढ़ बजे दरवाजा खटखटाने की आवाज आई। उनकी सास ने दरवाजा खोलकर पूछा, कौन है। दरवाजा खोलते ही चार युवक अंदर आए, जिन्होंने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। उनकी सास को मारपीट कर युवक उनके ससुर के पास कमरे में ले गए। इसके बाद नर्स व उसके बेटे से मारपीट की और उसी कमरे में ले जाकर बंद कर दिया, साथ ही मोबाइल फोन छीन लिए। नकाबपोश बोले-शोर किया तो जान से मार देंगे। आरोपी हाथ में बंदूक व चाकू लिए हुए थे।
-जैसा कि नर्स सीमा हुड्डा ने बताया
अलमारी और संदूक का ताला तोड़कर निकाले जेवरात और नकदी
सीमा का कहना है कि आधा घंटे तक आरोपी घर के अंदर उत्पात करते रहे। अलमारी और संदूक का ताला तोड़कर सीमा की सोने की दो चेन व लॉकेट, कानों की सोने की चार बाली, सोने व चांदी की एक-एक अंगूठी, गले का सेट, सोने के दो कड़े और उनकी सास की सोने की एक चेन, दो जोड़ी कानों की बाली, सोने की एक अंगूठी, चांदी के 10 सिक्के और 5 लाख की नकदी ले गए। जाते समय आरोपी दो मोबाइल फोन भी ले गए।
डेढ़ घंटे बाद पड़ोसियों ने आकर निकाला बाहर
नर्स ने बताया कि लुटेरे करीब डेढ़ बजे आए और तीन बजे तक वारदात अंजाम दी। उनका शोर सुनकर पड़ोसी आए और कमरे का ताला तोड़कर बाहर निकाला। तीन बजे ही सीमा ने पति जयभगवान को पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया।
वारदात से गांव में दहशत का माहौल
गुरुग्राम से करीब साढ़े चार बजे मकान मालिक जयभगवान हुड्डा रोहतक पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। डीएसपी राकेश कुमार, सदर थाना प्रभारी मुरारी लाल के अलावा सीआईए प्रथम व द्वितीय की टीम मौके पर पहुंची। एक घंटे तक जांच पड़ताल की और ग्रामीणों को भरोसा दिया कि जल्द आरोपियों को काबू किया जाएगा।
पैदल ही निकल गए लुटेरे, नहीं दिख रहा कोई वाहन
पुलिस को घर के नजदीक एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली है। युवकों की उम्र 20 से 30 के बीच दिखाई दे रही है, जो वारदात अंजाम देकर पैदल ही जा रहे हैं। पुलिस का अनुमान है कि करीब दो किलोमीटर तक आरोपी पैदल ही गए हैं।
किलोई गांव में हुई लूट की वारदात की जांच कर रहे हैं। अभी एक सीसीटीवी फुटेज मिली है, लेकिन उसमें कोई वाहन दिखाई नहीं दे रहा। नकाबपोश युवक पैदल ही जाते दिख रहे हैं। जल्द उनको काबू किया जाएगा।
-इंस्पेक्टर मुरारी लाल, प्रभारी थाना सदर।