रोहतक शहर के शास्त्री नगर में बिहार की एक किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसके परिजनों का आरोप है कि बिहार का युवक एक माह पहले साढ़े 17 वर्षीय किशोरी का अपहरण करके लाया और रोहतक लाकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक बिहार के धर्मराज चौक लखीसराय निवासी अमर ठाकुर एक किशोरी को लेकर आया और शास्त्री नगर में किराये पर रह रहा था। आरोपी ने किशोरी को अपनी पत्नी बताया। तभी से दोनों पति व पत्नी की तरह रह रहे थे। किशोरी जहां घर पर रहती थी, वहीं अमर हिसार रोड स्थित फैक्टरी में काम करता था। तीन दिन पहले पुलिस को सूचना मिली कि किशोरी का शव फंदे से लटका हुआ है।
साथ ही दरवाजा बंद है। सिटी थाने से एसआई बुधराम मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर शव फंदे से नीचे उतारा। साथ ही अमर को मौके पर बुुलाया गया। शव को पीजीआई के डेड हाउस में रखकर मामले की सूचना किशोरी के परिजनों को दी गई।
परिजन मंगलवार को रोहतक पहुंचे। युवती के भाई ने आरोप लगाया कि आरोपी अमर उसकी बहन का अपहरण करके लाया था। यहां लाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बिहार निवासी अमर ठाकुर व राकेश ठाकुर के खिलाफ अपहरण कर हत्या का केस दर्ज कर लिया।
मकान मालिक बोला- तीन दिन पहले हुआ था झगड़ा
पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की तो मकान मालिक ने बताया कि एक माह से युवक व किशोरी पति व पत्नी की तरह रह रहे थे। घटना से तीन दिन पहले दोनों के बीच कुछ झगड़ा हुआ था। हालांकि बाद में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई।
दरवाजा तोड़कर निकाला शव, आत्महत्या से इनकार नहीं
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा बाहर से बंद था। साथ ही शव अंदर फंदे से लटका हुआ था। ऐसे में लग रहा है कि किशोरी ने आत्महत्या की है। जबकि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
नहीं मिला शादी का सबूत, बेटी को नाबालिग बता रहे परिजन
पुलिस को किशोरी के परिजनों ने दी शिकायत में उसे साढ़े 17 साल की बताया है। हालांकि आयु संबंधी कोई सबूत नहीं दिया है। दूसरा, मौके से पुलिस को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे लगे कि युवक व किशोरी ने शादी कर रखी है।
तीन दिन पहले बिहार की किशोरी का शव शास्त्री नगर के एक किराये के मकान में फंदे पर मिला था। मामले की सूचना मृतका के परिजनों को दी थी। परिजन मंगलवार को रोहतक पहुंचे और उसके भाई ने बिहार के ही युवक अमर ठाकुर व राकेश ठाकुर पर अपहरण के बाद हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। अब जांच के बाद पता लग सकेगा कि किशोरी ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या हुई है।
- एसआई बुधराम, जांच अधिकारी थाना सिटी