सब जूनियर पहलवान को वीडियो बनाकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल करने के मामले की जांच ओलंपियन पहलवान साक्षी मलिक के कोच तक पहुंच गई है। यही नहीं पुलिस जांच में छोटूराम स्टेडियम के दोनों कोच को भी शामिल करेगी। वहीं, पुलिस ने आरोपी पवन को रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी का सात दिन का रिमांड मांगा था।
मामले की सूचना मिलने पर राज्यपाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य दीपा जैन रविवार शाम करीब तीन बजे पीड़िता के परिवार से मिलने पहुंची। उन्होंने पीड़िता से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद परिजनों से बातचीत कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद दीपा जैन महिला पुलिस थाना पहुंची। जैन ने मामले की जांच के संबंध में पुलिस अधिकारियों से चर्चा की। पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिये।
पवन की महिला मित्र ने बनाई थी अश्लील क्लिप
प्रकरण में नया खुलासा हुआ है। पहलवान की अश्लील क्लिप मुख्य आरोपी पवन की महिला मित्र ने बनाई थी। इसमें पवन के दूसरे साथी ने महिला का सहयोग किया था। मुख्य आरोपी पवन ने पुलिस पूछताछ में बताया कि क्लिप उसके मोबाइल से नहीं बनाई गई थी, बल्कि उसकी महिला मित्र और दोस्त ने अपने मोबाइल से बनाई थी। इसके बाद आरोपी ने अपने मोबाइल में क्लिप को ट्रांसफर किया था। पुलिस ने दोनों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की है, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली है।
दूसरे पुरुष आरोपी की पहचान, कई जगहों पर छापेमारी
पुलिस ने पवन के दूसरे पुरुष आरोपी की पहचान कर ली है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आरोपी के गांव में छापेमारी की, लेकिन वह फ रार मिला। महिला पुलिस पवन को दोपहर को स्टेडियम में लेकर पहुंची थी। पुलिस ने मामले से जुड़े कुछ तथ्य जुटाए हैं। इसके बाद आरोपी से कुछ जगहों की निशानदेही करवाई। जांच अधिकारी बिमला देवी का कहना है कि आरोपी बार-बार अपने बयान बदल रहा है। इससे पुलिस जांच प्रभावित हो रही है।
क्लिप और फोटो बरामद करना जरूरी
पुलिस के लिए मामले में पीड़िता की अश्लील क्लिप और फोटो बरामद करना जरूरी हो गया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि मामले में दो आरोपियों के चलते क्लिप को वायरल करने का खतरा है। इसी कारण पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। पुलिस ने जांच पड़ताल के लिए आरोपी को उसके गांव लेकर पहुंची थी। यहां भी पुलिस को क्लिप और फोटो से संबंधित कुछ नहीं मिला। पुलिस इन दोनों चीजों को अपने सबूतों में भी शामिल करेगी।
रिमांड अवधि में आरोपी पवन से उसके साथी के बारे में पूछताछ की जा रही है। जांच में स्टेडियम के कोच को भी शामिल किया जाएगा। उनसे भी पूछताछ की जाएगी। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता दोनों फरार आरोपियों को पकड़कर क्लिप और फोटो बरामद करना है।
- एएसआइ बिमला देवी, जांच अधिकारी
ये था मामला
पुलिस को दी शिकायत में सब जूनियर पहलवान के पिता ने बताया है कि उनकी बेटी छोटूराम स्टेडियम में प्र्रैक्टिस कर रही है। उसने शुक्रवार सुबह करीब दस बजे अपने कमरे में जाकर हाथ की नस काट ली। समय रहते परिजनों को घटना के बारे में पता चल गया तो वह बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे। जब परिजनों ने बच्ची से ऐसा कदम उठाने का कारण पूछा तो उसने पूरी घटना बता दी। सब जूनियर पहलवान ने परिजनों को बताया कि पांच दिन पहले स्टेडियम में प्रैक्टिस करने वाले पहलवान पवन ने अपनी महिला मित्र व एक अन्य साथी के साथ मिलकर कपड़े बदलते समय वीडियो बनाई और फोटो खींच लिए। इसके बाद आरोपी ने वीडियो और फोटो दिखाकर इंटरनेट पर अपलोड करने की धमकी देकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। कई दिनों से परेशान होने के बाद बच्ची ने शुक्रवार को हाथ की नस काटकर जान देने की कोशिश की। इसके बाद महिला थाने में आरोपी पवन सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।