सीआईए-2 ने सात हत्याओं सहित दर्जनों संगीन वारदात के आरोपी नेशनल कबड्डी खिलाड़ी शनि देव को साथी सहित गिरफ्तार किया है। रिठाल निवासी शनि देव उर्फ कूकी पर पांच हजार का इनाम भी है। बताया जा रहा है कि कूकी रविवार को अपने साथी सोनीपत के भठगांव निवासी संजीत उर्फ सुमीत उर्फ घोलू पहलवान के साथ किलोई-लौढ़ौत रोड पर किसी वारदात की फिराक में घूम रहा था। सूचना मिलने पर दोनों को दबोच लिया गया। शनि देव पर दिल्ली, हरियाणा और अन्य प्रदेशों में भी हत्या और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं।
एसपी राकेश आर्य ने बृहस्पतिवार को ज्वाइन करते ही पुलिस के विशेष स्टॉफ को मोस्ट वांटेड को जेल में पहुंचाने के निर्देश दिये थे। डीएसपी वीर सिंह और सीआईए-2 इंचार्ज राकेश सैनी ने बताया कि अंतरराज्यीय गिरोह में शामिल शनि देव और मंजीत से पुलिस ने दो अवैध हथियार और 11 कारतूस बरामद किये हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों ने दर्जनों वारदात में शामिल होना कबूल किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुख्यात शनि देव अपने साथी के साथ क्षेत्र में कोई वारदात करने की फिराक में घूम रहा है। इस पर पुलिस टीम ने डबल नहर पुल किलोई-लाढ़ौत रोड पर नाके बंदी करके वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में कूकी अपने दोस्त के साथ बाइक पर आया। पुलिस को देखकर फरार होने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने थोड़ी दूरी पर ही दबोच लिया। इनकी गिरफ्तारी से क्षेत्र की अन्य वारदात का खुलासा होने की उम्मीद है।
भाई की हत्या के बाद बना कुख्यात
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि शनि देव प्रदेश में नेशनल स्तर का कबड्डी खिलाड़ी रहा है। उसने हरियाणा और विदर्भ का राष्ट्रीय स्तर पर दो बार प्रतिनिधित्व किया है। भाई की हत्या के बाद उसने एक के बाद एक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि शनि देव का भाई सुखविंदर नरवाल भी राष्ट्रीय स्तर का कबड्डी खिलाड़ी था। वर्ष 2016 में सुखविंदर की अमरजीत गिरोह ने हत्या कर दी। इसके बाद शनि ने बदला लेने के लिए वारदात की। वह कुख्यात बदमाश हलालपुर निवासी विजय उर्फ बौदा के गैंग में शामिल हो गया और हत्या एवं हत्या के प्रयास की कई वारदात को अंजाम दिया।
चार साल से जमानत पर, पांच हत्याओं में आरोपी
शनि देव पिछले चार साल से एक मामले में जमानत पर बाहर है। उसे वर्ष 2010 में एक केस में गिरफ्तार किया गया था। दो साल तक जेल में रहने के बाद वह साल 2012 में जमानत पर बाहर आया था। तब से वह प्रदेश और प्रदेश से बाहर हत्या के पांच मामलों में आरोपी है।
गलत संगत से पहलवान बना बदमाश
पकड़ा गया दूसरा बदमाश संजीत उर्फ सुमीत उर्फ घोलू बीएससी स्पोर्ट्स उत्तीर्ण है। वह पहलवानी करता था, लेकिन गलत संगत में आने के बाद वर्ष 2008 से वारदात करने लगा। वह शनि देव का दूर का रिश्तेदार भी है। उसने शनि देव के साथ कई वारदातें की हैं।
इन वारदातों में शामिल रहा कूकी
1- शनि देव उर्फ कूकी ने 29 मार्च 2015 को अपने साथियों हसनपुर निवासी संजय और दिल्ली के मुंडका निवासी नवीन लाकड़ा के साथ मिलकर गांव गगसीना में समालखा निवासी जयदेव की गोली मारकर हत्या की थी। इस संबंध में समालखा थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया था।
2- कूकी ने 6 जून 2015 को अपने साथियों संजीत उर्फ सुमित उर्फ घोलू पहलवान जटौला निवासी सुम्मड़ व सोनीपत के हलालपुर निवासी प्रिंस उर्फ सोनू के साथ मिलकर गांव रिठाल में देवेंद्र उर्फ काला की गोली मारकर हत्या की थी। इस संबंध में सदर थाने में हत्या व हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था। इसी को लेकर रिठाल में पिछले दिनों भी नेशनल कबड्डी खिलाड़ी का मर्डर हुआ था।
3- शनि देव ने 18 मई 2016 को अपने साथियों संजीत, आशोक उर्फ शोका, दिल्ली के वजीदपुर निवासी हितेश उर्फ हैप्पी और सोनीपत के गांव जटौला निवासी सुम्मड़ के साथ मिलकर गांव हलालपुर में सुरजीत की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में खरखौदा थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया था।
4- कूकी ने 22 मई 2016 को अपने साथियों संजीत, आशोक, हितेश, जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी रुमीना सादिया अली व सुम्मड के साथ मिलकर गोहाना में गांव आहुलाना में एक युवक की गोली मारकर हत्या की थी। इस संबंध में गोहाना शहर थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया था।
5- कूकी ने साथियों के साथ 19 नवंबर 2011 को गांव हलालपुर में दो युवकों को गोली मारी थी। इसमें एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया था। इस संबंध में खरखौदा थाने में केस दर्ज किया गया था। बाद में आरोपी को इस केस में गिरफ्तार कर लिया गया था।
रिठाल रंजिश में हुई सुखविंदर और देवेंद्र उर्फ काला की मौत
शनि देव और उसी के गांव के देवेंद्र उर्फ काला की पिछले काफी समय से रंजिश चल रही थी। इसी के चलते शनि ने कुछ समय पहले दोस्तों के साथ मिलकर देवेंद्र की हत्या कर दी थी। इस मामले में शनि देव फरार चल रहा था। इसके बाद फरवरी 2016 में देवेंद्र की हत्या का बदला लेने के लिए शनि देव के भाई कबड्डी खिलाड़ी सुखविंदर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
ये हैं अन्य वारदात
1-कूकी के खिलाफ 24 जून 2010 को दिल्ली के विजय विहार थाने में अवैध हथियार का केस दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
2- 17 अक्तूबर 2012 को कूकी अपने साथियों संजीत उर्फ टीनू वासी रिठाल व हलालपुर के अजय उर्फ पासू के साथ मिलकर राई में कार लूटी थी। इस संबंध में राई थाने में लूट का केस दर्ज किया गया था। इस मामले में भी गिरफ्तार हो गया था।
3 - कूकी को 9 मार्च 2013 को काटजू मार्ग दिल्ली में अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया था। काटजू मार्ग थाने में केस दर्ज किया गया था।
पहली बार पकड़ में आया संजीत
राजस्थान और अन्य जगहों पर कई वारदातों में शामिल रहा संजीत पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़ा है। वह आज तक एक भी वारदात में नहीं पकड़ा गया है। उसके खिलाफ प्रदेश व अन्य जगहों पर आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
इन वारदातों में शामिल रहा संजीत
1- संजीत ने वर्ष 2008 में साथियों मदनहेडी निवासी ढिल्लू, हिसार के कापड़ों निवासी संदीप, झज्जर के अशोक मास्टर व अन्य के मिलकर बीकानेर-चुरू मार्ग से तेल से भरा ट्रक लूटा था। इस संबंध में बीकानेर थाने में केस दर्ज किया गया था। मामले में राजस्थान पुलिस संजीत को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जाएगी।
2- संजीत ने 25 दिसंबर 2014 को धांसू के कृष्ण सरपंच, इसराना के विक्की, लुदास के अंकित, काकडौद के आशीष और अन्य के साथ ऐलनाबाद में खल बिनौला की फैक्ट्री के बाहर से 46 लाख की लूट की थी। मामले में अभी तक फरार चल रहा था। ऐलनाबाद पुलिस आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर ले जाएगी।
3- पूछताछ में संजीत ने बताया कि उसने 6 जून 2015 को साथियों शनि देव, सुम्मड़ व प्रिन्स उर्फ सोनू के साथ मिलकर गांव रिठाल में देवेंद्र उर्फ काला की गोली मारकर हत्या की थी। इस संबंध में सदर थाने में हत्या व हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
4- संजीत ने सात अप्रैल 2016 को साथियों मुण्डलाना के अशोक उर्फ शोका, बहराणा के सोनू और सफीदों के टिटोखेड़ी निवासी अमित के साथ मिलकर पानीपत के माडल टाउन में कपडे़ की दुकान से 17 हजार छीने थे।