बदमाशों ने नजफगढ़ के गांव झटिक रा के पास एक इंजीनियर का पिस्तौल के बल पर उसकी कार सहित अपहरण कर लिया। इसके बाद उसकी कार, एटीएम कार्ड और क्रेडिट कार्ड लूटकर महम के जंगल में चलती कार से फेंककर फरार हो गए। बेखौफ बदमाशों ने पीड़ित इंजीनियर के क्रेडिट कार्ड से लाखों रुपये की शॉपिंग भी कर ली। जैसे तैसे इंजीनियर महम थाने में पहुंचा और शिकायत दी।
इसके बाद महम थाना पुलिस ने अज्ञात पांच बदमाशों पर अपहरण, लूट सहित विभिन्न धाराओं में जीरो एफआईआर दर्ज करके दिल्ली पुलिस को भेज दी है। घटना दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में मूल रूप से बिहार के मोतीहारी जिले के गांव बसवाहा निवासी अशोक कु मार फौज से रिटायर्ड नायब सूबेदार हैं। वे अपने परिवार के साथ 83 बी मित्राऊ नजफगढ़ में रहते हैं। उनका बेटा सोनू कु मार गुड़गांव की एक आईटी कंपनी में इंजीनियर है। सोनू शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अपनी कार से कंपनी जा रहा था।
झटिकरा गांव के समीप पीछे से आई एक अन्य कार ने सोनू की कार को ओवरटेक कर रुकवा लिया। कार सवार चार बदमाश गन प्वाइंट पर सोनू की कार में सवार हो गए। इसके बाद सोनू के दो मोबाइल और एटीएम, क्रेडिट कार्ड लूट लिया। सोनू की पिटाई के बाद बदमाश शाम को उसे महम के जंगल में चलती कार में फेंककर फरार हो गए। बदमाश सोनू की कार भी ले गए। इसके बाद सोनू जंगल से निकलकर रोड पर आया और एक व्यक्ति के मोबाइल फोन से पिता को वारदात की जानकारी दी। इस मामले में पुलिस ने सोनू के बयान पर जीरो एफआईआर दर्ज करके जांच के लिए नजफगढ़ के थाना झावला में जांच के लिए भेज दिया है।
बदमाशों ने की लाखों की शॉपिंग और हजारों निकाले
वैसे तो एफआईआर में पांच अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है लेकिन बताया जा रहा है कि करीब छह आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। दो बदमाश तो अपनी कार में थे और चार बदमाश सोनू की गाड़ी में आकर बैठ गए थे। आरोपियों ने सोनू के क्रेडिट कार्ड से करीब एक लाख 20 हजार रुपये की शापिंग की। इसके अलावा उसके एटीएम कार्ड का पासवर्ड पूछकर 29 हजार रुपये भी निकाल लिए। मामले में एएसआई हरेंद्र सिंह का कहना है कि फिलहाल जीरो एफआईआर दर्ज करके दिल्ली पुलिस को भेज दी र्गई है। स्थानीय पुलिस भी आरोपियों की तलाश कर रही है।