दुकान में मिला खून से लथपथ शव
- फोटो : अमर उजाला
खरावड़ में गत रात्रि रेलवे रोड स्थित एक दुकान में लाठियों से पीटकर वृद्ध की हत्या कर दी गई। बस्ती के बीच वारदात होने के बाद भी इस वारदात का पता किसी को नहीं चला। रविवार सुबह वृद्ध का खून से लथपथ शव दुकान में पड़ा मिला। सूचना पाकर पुलिस के साथ सीन आफ क्राइम की टीम ने मौके का मुआयना किया। घंटों मशक्कत के बाद भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका तो पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया।
जानकारी के अनुसार खरावड़ स्थित रेलवे मार्ग पर स्टेशन के पास गांव का ही रहने वाला सतीश पार्किंग चलाता है। रविवार अल सुबह सतीश की खाली पड़ी दुकान में एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजबीर सिंह और खरावड़ चौकी इंचार्ज जगदीश चंद्र दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद डॉ. सरोज दहिया के नेतृत्व में एफएसएल की टीम ने भी मौके का मुआयना किया। पुलिस जांच में मृतक की आयु करीब 78 वर्ष के गरीब है जिसकी लाठियों से वार करके बेहरहमी से हत्या की गई है।
पुलिस जांच में मृतक के चेहरे, सिर हाथ और पैर सहित शरीर के हिस्सों पर लाठियों से वार के जख्म में मिले हैं। पुलिस ने दुकान से ही खून से सनी एक लाठी भी बरामद की है। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के लिए कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली। गांव के सरपंच बिजेंद्र मलिक ने पुलिस के साथ मिलकर शव की शिनाख्त के लिए दूसरे गांव में संपर्क किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया गया है।
बस्ती में हत्या, नहीं किसी को खबर
जिस दुकान में वृद्ध की हत्या की गई है वह आबाद बस्ती के बीच है। यह दुकान मेन सड़क पर बनी है और शटर खराब होने के कारण स्थायी रूप से खुली रहती है। वृद्ध की हत्या के दौरान शोर जरूर हुआ होगा तथा कुछ देर तक तो संघर्ष भी हुआ होगा, लेकिन किसी को भी घटना का रात को पता नहीं चल पाया।
शिनाख्त के प्रयास किए
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजबीर सिंह का कहना था कि वृद्ध की लाठियों से बेरहमी से हत्या की गई है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। आसपास के गांव सहित दूसरे जिलों की पुलिस का सहारा लिया जा रहा है। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।